वेदांता समूह की कंपनी स्टरलाइट ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने तूतीकोरिन में स्थित अपने तांबा संयंत्र को पुन: शुरू करने के लिये तमिलनाडु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मंजूरी की मांग की है। कंपनी ने यह कदम राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण द्वारा संयंत्र को बंद करने के राज्य सरकार के आदेश को निरस्त कर देने के फैसले के बाद उठाया है।
Related Stories
स्टरलाइट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी. रामनाथ ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद संयंत्र को पुन: परिचालन योग्य बनाने में करीब दो महीने लगेंगे। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने पहले ही राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संपर्क किया है। एनजीटी के आदेश के अनुसार उन्हें सहमति को नवीनीकृत करने के लिये तीन सप्ताह का समय मिला है। हमने भी बोर्ड से अपना अनुरोध किया है।’’
राज्य सरकार ने बोर्ड को 28 मई को संयंत्र बंद करने का आदेश दिया था। सरकार ने यह आदेश प्रदूषण से संबंधित आशंकाओं के बाद हिंसक विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर दिया था।