1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. ट्रेड वॉर खत्‍म होने की खबरों के बीच शेयर बाजार में तेजी, निफ्टी 10,800 अंक के पार

ट्रेड वॉर खत्‍म होने की खबरों के बीच शेयर बाजार में तेजी, निफ्टी 10,800 अंक के पार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 07, 2019 12:52 pm IST,  Updated : Jan 07, 2019 12:52 pm IST

घरेलू निवेशकों की जारी लिवाली तथा वैश्विक बाजारों के सकारात्मक संकेत से सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 288 अंक मजबूत हो गया।

stock market- India TV Hindi
stock market Image Source : PTI

घरेलू निवेशकों की जारी लिवाली तथा वैश्विक बाजारों के सकारात्मक संकेत से सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 288 अंक मजबूत हो गया। निफ्टी ने भी बढ़त के साथ 10,800 अंक के स्तर को प्राप्त कर लिया। कारोबारियों ने कहा कि अन्य एशियाई बाजारों की तेजी से घरेलू बाजार को भी समर्थन मिला। इसके अलावा अमेरिका और चीन की व्यापार वार्ता से भी धारणा को बल मिला। 

दोनों देशों के प्रतिनिधि सोमवार और मंगलवार को बैठक में व्यापार युद्ध को समाप्त करने की दिशा में बातचीत करने वाले हैं। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 287.74 अंक यानी 0.81 प्रतिशत की बढ़त लेकर 35,982.84 अंक पर पहुंच गया। इस दौरान यह एक समय 36,033.20 अंक के स्तर पर भी पहुंचा। 

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 84.90 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की बढ़त लेकर 10,812.25 अंक पर रहा। धातु, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, पूंजीगत वस्तुएं, आईटी, बैंक, हेल्थकेयर, बुनियादी संरचना और बिजली कंपनियों के शेयर 1.75 प्रतिशत तक की तेजी में रहे। वेदांता का शेयर सर्वाधिक 2.56 प्रतिशत मजबूत हुआ। इसके बाद 2.31 प्रतिशत की तेजी के साथ टाटा स्टील का स्थान रहा। 

प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 240.60 करोड़ रुपये की शुद्ध लिवाली की। हालांकि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक 157.72 करोड़ रुपये के शुद्ध बिकवाल रहे।अन्य एशियाई बाजारों में शुरुआती कारोबार में जापान का निक्की 2.82 प्रतिशत, हांग कांग का हैंग सेंग 0.76 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.49 प्रतिशत की तेजी में रहा। शुक्रवार को अमेरिका का डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 3.29 प्रतिशत मजबूत होकर बंद हुआ था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा