1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. आज से ये 6 नए नियम होंगे लागू, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर

आज से ये 6 नए नियम होंगे लागू, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर

 Written By: India TV Business Desk
 Published : Aug 01, 2019 10:15 am IST,  Updated : Aug 01, 2019 10:16 am IST

देश में आज यानी 1 अगस्त 2019 से वित्तीय नियमों को लेकर कई अहम बदलाव होने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर सीधे आम आदमी की जेब पर पड़ने वाला है।

these important rules will change from 1 august 2019- India TV Hindi
these important rules will change from 1 august 2019

नई दिल्ली। देश में आज यानी 1 अगस्त 2019 से वित्तीय नियमों को लेकर कई अहम बदलाव होने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर सीधे आम आदमी की जेब पर पड़ने वाला है। इन बदलावों के बाद उपभोक्ताओं को कहीं राहत मिलेगी, तो कहीं पर आपकी जेब ढीली होगी। आप भी जानिए आज से कौन-कौन से नए नियम लागू होने जा रहे हैं।

इलेक्ट्रिक व्हीकल हो जाएंगे सस्ते

आज से इलेक्ट्रिक व्हीकल खरीदना सस्ता हो जाएगा। दरअसल, गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) काउंसिल ने इलेक्ट्रिक व्हीकल पर GST की दर 12 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी कर दी है। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जर पर जीएसटी दरें 18 फीसदी से घटाकर 12 फीसदी कर दी हैं। नई दरें आज यानी 1 अगस्त से प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं। 

नोएडा, ग्रेटर नोएडा में सस्ता हुआ प्रॉपर्टी खरीदना
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी खरीदना अब सस्ता हो गया है। नए फैसले के तहत ग्रुप हाउसिंग में 6 फीसदी और कामर्शियल में 25 फीसदी सरचार्ज समाप्त कर दिया गया है। वहीं, कॉमर्शियल प्रॉपर्टी के सर्किल रेट में 21 फीसदी की कमी हुई है। नोएडा के शॉपिंग मॉल्स में एस्केलेटर्स और एसी की वजह से लगने वाला 6 फीसदी सरचार्ज हटाया गया है। नए रेट 1 अगस्त से लागू होंगे।

LPG सिलेंडर के दाम में बड़ी कटौती
बिना सब्सिडी वाली रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में बुधवार को 62.50 रुपये की कटौती की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें नरम होने से दाम कम किए गए हैं। इंडियन ऑइल कॉर्पोरेशन ने कहा कि बिना सब्सिडी या बाजार कीमत वाले एलपीजी की कीमत 574.50 रुपये प्रति सिलेंडर होगी। नई दरें आज यानी 1 अगस्त से लागू हो गई हैं। 

SBI ग्राहकों को फायदा और नुकसान दोनों होगा
आज यानी 1 अगस्त, 2019 से भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के खाताधारकों को ऑनलाइन फंड ट्रांसफर के लिए कोई चार्ज नहीं देना होगा। SBI ने आईएमपीएस चार्ज को खत्म कर दिया है। अब SBI की योनो ऐप, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से फंड ट्रांसफर करने वाले यूजर्स से अब किसी तरह का आईएमपीएस चार्ज नहीं वसूला जाएगा। बता दें कि इससे पहले एसबीआई ने 1 जुलाई से आरटीजीएस और एनईएफटी चार्ज खत्म कर दिया था। अब आईएमपीएस चार्ज खत्म होने के बाद एसबीआई के खाताधारकों को ऑनलाइन फंड ट्रांसफर के लिए कोई फीस नहीं चुकानी होगी। साथ ही SBI ने सभी तरह के फिक्स्ड डिपॉजिट पर ब्याज दरें घटा दी हैं जो कि आज से लागू हो जाएंगी। एसबीआई ने अलग-अलग अवधि की एफडी पर ब्याज दर में 0.5 से 0.75 फीसदी तक की कटौती की है। बैंक का ये फैसला उन ग्राहकों के लिए निराशाजनक है, जो फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को निवेश का बेहतर विकल्प मानते हैं।

यूनियन बैंक के ग्राहकों को फायदा होगा
अगर आप यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के कस्टमर हैं तो आपके लिए ये खबर अच्छी है। बैंक ने अलग-अलग अवधि के कर्ज पर मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड बेस्ड लेंडिग रेट्स (MCLR) में कटौती की है। जून 2019 से अब तक यह बैंक द्वारा कर्ज दरों में की गई दूसरी कटौती है। नई कटौती आज (1 अगस्त, 2019) से लागू हो रही हैं। आसान भाषा में कहें तो 1 अगस्त से यूनियन बैंक से होम लोन या ऑटो लोन लेना सस्ता हो जाएगा। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने MCLR में 0.20 फीसदी तक की कटौती की है। 

ह्युंदई और बजाज बढ़ाएंगे कीमत
ह्युंदई की कार खरीदने पर पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है। हाल ही में कंपनी ने अपने कार मॉडल्स में 9,200 रुपये तक की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। कंपनी के मुताबिक, कीमतों में बढ़ोतरी सरकार की तरफ से कारों में नए सुरक्षा नियमों को शामिल करने की वजह से हुई है। वहीं, बजाज ऑटो के ज्यादातर बाइक्स की कीमत 6 हजार रुपये तक बढ़ गई हैं, इनमें डोमिनर 400 से लेकर डिस्कवर 125, वी15 पावर अप, पल्सर रेंज और प्लैटिना रेंज की बाइक्स शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा