नई दिल्ली। एप के जरिये टैक्सी बुकिंग सेवा प्रदाता उबर भारत में अपनी ऑटो सेवा फिर से शुरू कर रही है। इसकी शुरुआत बेंगलुरु और पुणे से होगी। कंपनी ने मार्च 2016 में इस सेवा को बंद कर दिया था।
Related Stories
अमेरिकी कंपनी अपने एप पर ऑटो विकल्प के जरिये इन दो शहरों में अपने ग्राहकों को ऑटोरिक्शा बुक करने की सुविधा इस माह से उपलब्ध कराएगी। कंपनी को घरेलू कंपनी ओला के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। ओला ने 2014 में बेंगलुरु और चेन्नई में ऑटोरिक्शा बुकिंग सेवा शुरू की थी। ओला अपने एप के जरिये फिलहाल 73 शहरों में ऑटोरिक्शा बुकिंग सुविधा दे रही है। कंपनी के साथ 1.2 लाख से अधिक ऑटो जुड़े हुए हैं।
उबर के प्रवक्ता के अनुसार कंपनी यह देखना चाहती थी कि देश में पारिवहन व्यवस्था में यह क्षेत्र कैसे विकसित होता है, इसके लिए कंपनी ने यह सेवा रोक दी थी। प्रवक्ता ने कहा कि ऑटोरिक्शा देश के कई शहरों में परिवहन का साधन हैं। लोगों को परिवहन का और विकल्प देने के लिए हम बेंगलुरु और पुणे में ऑटो शुरू कर रहे हैं।
इससे पहले, कंपनी ने नई दिल्ली, कोयंबटूर, इंदौर तथा भुवनेश्वर में यह सेवा शुरू की थी। प्रवक्ता के अनुसार कंपनी फिलहाल दो शहरों में ऑटो सेवा शुरू कर रही है। धीरे-धीरे इसका विस्तार दूसरे शहरों में किया जाएगा। प्रवक्ता ने कहा कि ऑटो में वे सभी सुरक्षा विशेषताएं उपलब्ध होंगी जो उबर कैब की सेवा लेने वालों के लिए हैं। इसका उपयोग करने वाले नकद, पेटीएम, डेबिट/क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर सकते हैं।