भारत में शहरी यातायात की परिभाषा बदलने वाली है। इंडिगो की वेंचर आर्म (IndiGo Ventures) ने शुक्रवार को बेंगलुरु स्थित एयरोस्पेस कंपनी सरला एविएशन (Sarla Aviation) में ₹10 करोड़ का निवेश करने की घोषणा की है। इस निवेश का मुख्य उद्देश्य भारत के बड़े शहरों में एयर टैक्सी (Air Taxi) सेवा शुरू करना है।
ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा
दिल्ली-एनसीआर में गुरुग्राम से नोएडा जाने में अभी पीक ऑवर्स के दौरान 1.5 से 2 घंटे का समय लग जाता है। लेकिन सरला एविएशन द्वारा विकसित किए जा रहे इलेक्ट्रिक विमानों के जरिए यह सफर मात्र 15 मिनट में सिमट सकता है। इसी तरह बेंगलुरु जैसे शहरों में एयरपोर्ट से इलेक्ट्रॉनिक सिटी पहुंचने में भी लगने वाला घंटों का समय अब मिनटों में बदल जाएगा।
क्या है सरला एविएशन की टेक्नोलॉजी?
सरला एविएशन eVTOL (इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ और लैंडिंग) विमान विकसित कर रही है। इन विमानों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे रनवे की जरूरत नहीं है। ये विमान हेलीकॉप्टर की तरह सीधे ऊपर उड़ सकते हैं और लैंड कर सकते हैं। इसके अलावा, ये हाइब्रिड-इलेक्ट्रिक तकनीक पर चलते हैं, जिससे इनका शोर कम होता है और संचालन का खर्च हेलीकॉप्टर की तुलना में काफी कम आता है। वहीं, ये विमान 300 किलोमीटर तक की दूरी आसानी से तय कर सकते हैं, जो इंटर-सिटी ट्रेवल (एक शहर से दूसरे शहर) के लिए पर्याप्त है।
इंडिगो और सरला का गठबंधन
सरला एविएशन के को-फाउंडर और सीईओ एड्रियन श्मिट ने कहा कि दशकों से भारतीयों ने यह मान लिया था कि दूरी का मतलब देरी है, लेकिन अब वह दौर खत्म हो रहा है। इंडिगो जैसी एयरलाइन का साथ मिलना, जिसने करोड़ों भारतीयों के लिए उड़ान को सुलभ बनाया, हमारे विजन को और मजबूती देता है। इस साझेदारी के तहत, सरला एविएशन विमानों के तकनीकी विकास पर ध्यान देगी, जबकि इंडिगो अपने विशाल नेटवर्क, ऑपरेशनल अनुभव और मेंटेनेंस क्षमताओं का इस्तेमाल करके इस सेवा को बड़े पैमाने पर सफल बनाएगी।
एयर टैक्सी के संभावित उपयोग
कंपनियों ने फिलहाल बिजनेस लॉन्च की सटीक तारीख नहीं बताई है, लेकिन इसके मुख्य उपयोग पैसेंजर ट्रेवल, मेडिकल इमरजेंसी और एयरपोर्ट ट्रांसफर में होगा।