1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अनिल अंबानी की बढ़ीं मुश्किलें! CBI दफ्तर में घंटों चली पूछताछ, जानिए क्या है पूरा मामला?

अनिल अंबानी की बढ़ीं मुश्किलें! CBI दफ्तर में घंटों चली पूछताछ, जानिए क्या है पूरा मामला?

 Written By: Abhay Parashar, Edited By: Shivendra Singh
 Published : Mar 19, 2026 12:53 pm IST,  Updated : Mar 19, 2026 12:53 pm IST

देश के बड़े उद्योगपतियों में गिने जाने वाले अनिल अंबानी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है RCOM लोन केस, जिसमें CBI ने उनसे लंबी पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि यह पूछताछ कई घंटों तक चली और आने वाले दिनों में जांच और तेज हो सकती है।

CBI के सामने पेश हुए अनिल...- India TV Hindi
CBI के सामने पेश हुए अनिल अंबानी Image Source : ANI

कॉर्पोरेट जगत से आज की सबसे बड़ी हलचल सामने आ रही है। रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप के मुखिया अनिल अंबानी एक बार फिर कानूनी शिकंजे में घिरते नजर आ रहे हैं। गुरुवार को अनिल अंबानी दिल्ली स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के मुख्यालय पहुंचे, जहां उनसे रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCom) से जुड़े एक हाई-प्रोफाइल लोन मामले में घंटों पूछताछ की गई। खबरों के मुताबिक, सीबीआई ने उन्हें 19 और 20 मार्च के लिए समन जारी किया था, जिसके बाद वे आज जांच में शामिल होने पहुंचे। इस पूछताछ ने एक बार फिर बैंकिंग सेक्टर में हड़कंप मचा दिया है।

SBI की शिकायत ने बढ़ाईं मुश्किलें

यह पूरा मामला देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की एक गंभीर शिकायत से शुरू हुआ है। आरोप है कि अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCom) ने बैंकों के एक कंसोर्टियम से हजारों करोड़ रुपये का लोन लिया था, लेकिन इस लोन को चुकाने और नियमों का पालन करने में भारी अनियमितताएं बरती गईं। सीबीआई इस बात की जांच कर रही है कि क्या बैंक से मिली इस भारी-भरकम राशि का इस्तेमाल उन्हीं उद्देश्यों के लिए किया गया, जिनके लिए लोन लिया गया था।

क्या हैं मुख्य आरोप?

जांच एजेंसी के रडार पर मुख्य रूप से तीन बड़े आरोप हैं:

  • नियमों का उल्लंघन: आरोप है कि लोन लेने की प्रक्रिया के दौरान बैंकिंग नियमों और दिशा-निर्देशों को ताक पर रखा गया।
  • फंड का डाइवर्जन: जांच में यह बात सामने आई है कि लोन के पैसे का इस्तेमाल उस काम में नहीं हुआ जिसके लिए उसे मंजूर किया गया था। संदेह है कि इस पैसे को अन्य कंपनियों या निजी इस्तेमाल के लिए डाइवर्ट किया गया।
  • गलत जानकारी देना: बैंक का आरोप है कि कंपनी ने अपनी वित्तीय स्थिति और प्रोजेक्ट्स के बारे में पूरी और सही जानकारी नहीं दी, जिससे बैंक को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

लगातार घेरे में अंबानी परिवार

अनिल अंबानी के लिए यह समय काफी चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। हाल ही में उनके बेटे जय अनमोल अंबानी से भी रिलायंस होम फाइनेंस से जुड़े एक अन्य मामले में पूछताछ की जा चुकी है। अब आरकॉम (RCom) के इस लोन केस में खुद अनिल अंबानी का सीबीआई दफ्तर पहुंचना यह संकेत देता है कि जांच एजेंसियां अब इस मामले की तह तक जाने के मूड में हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा