1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Anil Ambani: पहले घर कुर्क, अब CBI की बड़ी कार्रवाई! ₹2220 करोड़ मामले में अनिल अंबानी पर नया केस दर्ज

Anil Ambani: पहले घर कुर्क, अब CBI की बड़ी कार्रवाई! ₹2220 करोड़ मामले में अनिल अंबानी पर नया केस दर्ज

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Feb 27, 2026 08:44 am IST,  Updated : Feb 27, 2026 08:46 am IST

उद्योगपति अनिल अंबानी की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से मुंबई स्थित उनके घर अबोड को कुर्क किए जाने के बाद अब सीबीआई ने भी बड़ा कदम उठाया है।

अनिल अंबानी पर नया केस...- India TV Hindi
अनिल अंबानी पर नया केस दर्ज Image Source : PTI

देश के चर्चित उद्योगपति अनिल अंबानी की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से उनके मुंबई स्थित आवास ‘अबोड’ को कुर्क किए जाने के बाद अब सीबीआई ने भी उनके खिलाफ नया मामला दर्ज कर लिया है। मामला बैंक ऑफ बड़ौदा से जुड़े 2220 करोड़ रुपये से ज्यादा के कथित लोन धोखाधड़ी का है।

2013-17 के कर्ज लेनदेन पर कार्रवाई

सीबीआई ने यह केस बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत के आधार पर दर्ज किया है। आरोप है कि 2013 से 2017 के बीच रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) द्वारा लिए गए कर्ज का इस्तेमाल स्वीकृत उद्देश्यों से अलग किया गया, जिससे बैंक को 2,220 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। सीबीआई प्रवक्ता के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद अंबानी के आवास और कंपनी के रजिस्टर्ड ऑफिसों पर छापेमारी की गई, जहां से कई अहम डॉक्यूमेंट बरामद किए गए हैं।

फंड डायवर्जन और लेखा हेरफेर के आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरकॉम और उससे जुड़ी कंपनियां रिलायंस इंफ्राटेल लिमिटेड और रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से कुल 31,580 करोड़ रुपये का लोन लिया। आरोप है कि इन फंड्स का बड़ा हिस्सा अन्य बैंकों के कर्ज चुकाने, संबंधित पक्षों को भुगतान करने और अस्थायी निवेश के रूप में इस्तेमाल किया गया। फोरेंसिक जांच में कथित तौर पर फंड के अनधिकृत उपयोग और दुरुपयोग के संकेत मिले हैं। बैंक का दावा है कि लोन राशि का उपयोग शर्तों के अनुरूप नहीं किया गया और इसे व्यवस्थित रूप से डायवर्ट किया गया।

एनपीए से धोखाधड़ी तक

खाते को 5 जून 2017 को नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (एनपीए) घोषित किया गया था। बाद में इसे धोखाधड़ी की कैटेगरी में रखने की प्रक्रिया शुरू हुई, जिस पर बंबई हाई कोर्ट ने रोक लगा दी थी। हालांकि, यह रोक 23 फरवरी को हटा दी गई, जिसके बाद बैंक ने सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई।

ईडी की पूछताछ भी जारी

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब ईडी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक अन्य मामले में अंबानी से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि उनसे करीब नौ घंटे तक पूछताछ की गई और आगे भी उन्हें बुलाया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा