1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. जम्मू तवी से श्रीनगर के बीच शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

जम्मू तवी से श्रीनगर के बीच शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Apr 30, 2026 11:40 am IST,  Updated : Apr 30, 2026 11:53 am IST

जम्मू तवी से श्रीनगर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत हो गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन को रवाना किया। इस नई सेवा से न सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

जम्मू-श्रीनगर वंदे...- India TV Hindi
जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस Image Source : PTI

जम्मू-कश्मीर की कनेक्टिविटी और पर्यटन के क्षेत्र में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से विस्तारित जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन पहले केवल श्री माता वैष्णो देवी कटरा और श्रीनगर के बीच चलती थी, जिसे अब यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए जम्मू तवी स्टेशन तक बढ़ा दिया गया है।

विकास की नई रफ्तार

उद्घाटन समारोह के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद रहे। ट्रेन को रवाना करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि यह केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एक मजबूत सेतु है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप भारतीय रेलवे दुर्गम पहाड़ियों को चीरते हुए कश्मीर की वादियों तक आधुनिक रेल सुविधा पहुंचाने में सफल रही है।

जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
Image Source : IMAGE POSTED ON X BY @DRJITENDRASINGHजम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

5 घंटे में पूरा होगा सफर

इस विस्तार के बाद अब जम्मू से श्रीनगर के बीच का सफर बेहद आसान और तेज हो गया है। सड़क मार्ग से जहां जम्मू से श्रीनगर पहुंचने में 10 से 12 घंटे का समय लगता था, वहीं वंदे भारत एक्सप्रेस इस दूरी को मात्र 5 घंटे में तय करेगी। यह ट्रेन करीब 267 किलोमीटर का सफर तय करेगी, जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि यात्रियों को विश्वस्तरीय आरामदायक यात्रा का एक्सपीरिएंस भी मिलेगा।

ट्रेन की खासियतें

इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर के सर्द मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। पहले इस मार्ग पर 8 कोच वाली ट्रेन चलती थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 20 कोच का कर दिया गया है, जिससे अधिक यात्री सफर कर सकेंगे। ट्रेन में कवच एंटी-कोलिजन सिस्टम, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली और 180 डिग्री घूमने वाली कुर्सियां लगी हैं।

पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

इस ट्रेन के शुरू होने से जम्मू-कश्मीर के पर्यटन को जबरदस्त गति मिलने की उम्मीद है। अब देश-विदेश से आने वाले पर्यटक सीधे जम्मू रेलवे स्टेशन पर उतरकर वंदे भारत के जरिए श्रीनगर की वादियों तक पहुंच सकेंगे। नियमित यात्रियों के लिए इस ट्रेन की सेवाएं 2 मई से शुरू होंगी और यह सप्ताह में 6 दिन (मंगलवार को छोड़कर) संचालित की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा