अगर आप नया मकान खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। आने वाले समय में नए रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट तेजी से लॉन्च होंगे। प्रॉपर्टी बाजार में विकल्पों की कोई कमी नहीं होगी। आप अपनी बजट के अनुसार प्रॉपर्टी का चयन कर पाएंगे।दरसअल, रियल एस्टेट कंपनियों ने 2025 की पहली छमाही में कम से कम 2,900 एकड़ भूमि के सौदे हुए, जिनका बाजार मूल्य करीब 31,000 करोड़ रुपये है। रियल एस्टेट परामर्शदाता एनारॉक ने यह जानकारी दी। इससे पता चलता है कि आने वाले समय में नए प्रोजेक्ट तेजी से लॉन्च होंगे। इसकी वजह रियल एस्टेट मार्केट में बनी तेजी है। प्रॉपर्टी की जबरदस्त मांग को देखते हुए डेवलपर्स नए प्रोजेक्ट तेजी से लॉन्च कर सकते हैं। रियल एस्टेट कंपनी लोढ़ा डेवलपर्स ने आवासीय परियोजनाएं विकसित करने के लिए अप्रैल-जून तिमाही में मुंबई महानगर क्षेत्र, पुणे और बेंगलुरू में पांच भूखंडों का अधिग्रहण किया है, जिनकी कुल राजस्व क्षमता 22,700 करोड़ रुपये है।
लैंड के 76 बड़ी डील की गई
2025 की पहली (जनवरी-जून) छमाही में समूचे भारत में 76 सौदों में 2,898 एकड़ से अधिक भूमि का लेन-देन किया गया। इस भूमि का कुल बाजार मूल्य 30,885 करोड़ रुपये है। इन भूखंडों की कुल राजस्व क्षमता लगभग 1.47 लाख करोड़ रुपये है तथा कुल विकास क्षमता 23.3 करोड़ वर्ग फुट से अधिक है। इनमें से अधिकतर भूमि सौदे आवास, वाणिज्यिक और मिश्रित उपयोग परियोजनाओं के विकास के लिए थे। परामर्शदाता ने कहा कि इस वर्ष की पहली छमाही में हुए कुल 76 भूमि सौदों में से 17 संयुक्त विकास समझौते (जेडीए) थे, जो 782 एकड़ में फैले थे। इनका बाजार मूल्य 6,765 करोड़ रुपये है। एनारॉक ने साथ ही इस बात पर प्रकाश डाला कि 2025 की पहली छमाही में भूमि के कुल सौदे समूचे 2024 की तुलना में हुए सौदों से 1.15 गुना अधिक हैं। 2024 में 2,515 एकड़ भूमि के लिए करीब 133 सौदे हुए थे।
सोभा की बिक्री बुकिंग 11 प्रतिशत बढ़ी
रियल एस्टेट कंपनी सोभा लिमिटेड चालू वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में 11 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,078.8 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग दर्ज की। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में 1,873.7 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग हासिल की थी। सोभा लिमिटेड ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि अप्रैल-जून अवधि में उसने 14.44 लाख वर्ग फुट क्षेत्र बेचा जबकि पिछले साल उसने 11.75 लाख वर्ग फुट क्षेत्र की बिक्री की थी।