1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Vande Bharat Express Train : देश को मिलेंगी 3 नई वंदे भारत ट्रेनें, PM शनिवार को करेंगे उद्घाटन, जानिए रूट और टाइमिंग

Vande Bharat Express Train : देश को मिलेंगी 3 नई वंदे भारत ट्रेनें, PM शनिवार को करेंगे उद्घाटन, जानिए रूट और टाइमिंग

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Aug 30, 2024 06:16 pm IST,  Updated : Aug 30, 2024 07:57 pm IST

Vande Bharat Express Train : प्रधानमंत्री मोदी 31 अगस्त यानी शनिवार को 3 नई वंदे भारत ट्रेनों का उद्घाटन करेंगे। ये ट्रेनें चेन्नई से नागरकोइल, मदुरै से बेंगलुरु और मेरठ से लखनऊ के बीच चलेंगी।

वंदे भारत ट्रेन- India TV Hindi
वंदे भारत ट्रेन Image Source : REUTERS

Vande Bharat Express Train : देश को तीन नई वंदे भारत ट्रेन मिलने वाली हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 अगस्त यानी शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीन नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का उद्घाटन करेंगे। ये तीन नई वंदे भारत ट्रेन चेन्नई से नागरकोइल, मदुरै से बेंगलुरु और मेरठ से लखनऊ के बीच चलेंगी। वंदे भारत की शुरुआत पहली बार 15 फरवरी, 2019 को "मेक इन इंडिया" पहल के तहत की गई थी। इस समय 100 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं, जो 280 से अधिक जिलों को आपस में जोड़ती हैं।

2 सितंबर से नियमित सेवाएं

वंदे भारत ट्रेनों के उद्घाटन के लिये दक्षिणी रेलवे डिविजन में डॉ एमजीआर चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन और मदुरै जंक्शन पर औपचारिक समारोह आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन के बाद दोनों नई ट्रेनों की नियमित सेवाएं 2 सितंबर से शुरू की जाएंगी। नागरकोइल की ट्रेन को केवल उद्घाटन के दिन डॉ एमजीआर चेन्नई सेंट्रल स्टेशन से हरी झंडी दिखाई जाएगी, लेकिन नियमित सेवा चेन्नई एग्मोर से होगी। यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर सभी दिन चलेगी। चेन्नई एग्मोर-नागरकोइल-चेन्नई एग्मोर ट्रेन (20627/20628) में 16 कोच होंगे। वहीं, लखनऊ से मेरठ जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस रोजाना चलेगी। इस ट्रेन का टाइमटेबल और शेड्यूल अभी जारी नहीं हुआ है। इस ट्रेन में चेयरकार का किराया 1500 रुपये के करीब रहने की उम्मीद है।

चेन्नई-नागरकोइल वंदे भारत का रूट

ट्रेन नंबर 20627 चेन्नई एग्मोर से सुबह 5 बजे रवाना होगी। यह उसी दिन दोपहर 1.50 बजे नागरकोइल पहुंचेगी। रास्ते में यह तांबरम, विल्लुपुरम, तिरुचिरापल्ली, डिंडुगल, मदुरै, कोविलपट्टी और तिरुनेवेली स्टेशन पर रुकेगी। वहीं ट्रेन संख्या 20628 नागरकोइल जंक्शन से दोपहर 2.20 बजे रवना होगी और रात 11 बजे चेन्नई एग्मोर पहुंचेगी।

मदुरै-बेंगलुरु वंदे भारत का रूट

मदुरै और बेंगलुरु छावनी के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन नंबर 20671 सुबह 5.15 बजे मदुरै से रवाना होगी और दोपहर 1 बजे बेंगलुरु छावनी पहुंचेगी। यह बेंगलुरु छावनी से दोपहर 1.30 बजे रवाना होगी और रात 9.45 बजे मदुरै पहुंचेगी। रास्ते में यह डिंडुगल, तिरुचिरापल्ली, करूर, नमक्कल, सलेम और कृष्णराजपुरम स्टेशन पर रुकेगी।

(रिपोर्ट : अनामिका गौर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा