केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। लंबे इंतजार के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने का ऐलान इसी हफ्ते किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की सैलरी और पेंशन में अच्छा खासा इजाफा देखने को मिलेगा।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार इस बार DA में करीब 3% की बढ़ोतरी कर सकती है। इसके बाद महंगाई भत्ता 58% से बढ़कर 61% हो जाएगा। इससे पहले अक्टूबर 2025 में DA को 55% से बढ़ाकर 58% किया गया था, जो 1 जुलाई 2025 से लागू हुआ था।
सैलरी में कितना बढ़ेगा पैसा?
DA बढ़ने का सीधा फायदा कर्मचारियों की सैलरी में दिखेगा। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹56,100 है, तो 58% DA के हिसाब से उसे ₹32,538 मिल रहा है। लेकिन 61% DA होने पर यह बढ़कर ₹34,221 हो जाएगा। यानी हर महीने करीब ₹1,683 की बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा, जनवरी से मार्च तक के तीन महीने का एरियर भी जोड़ा जाएगा। ऐसे में अप्रैल की सैलरी के साथ कुल मिलाकर करीब ₹6,732 का एक्स्ट्रा भुगतान मिल सकता है। हालांकि, यह राशि हर कर्मचारी की बेसिक सैलरी के अनुसार अलग-अलग होगी।
किसे मिलेगा फायदा?
इस DA बढ़ोतरी का फायदा देश के करीब 49 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और लगभग 68 लाख पेंशनर्स को मिलेगा। बढ़ती महंगाई के बीच यह राहत उनके लिए काफी अहम मानी जा रही है। आपको बता दें कि महंगाई भत्ता सरकारी कर्मचारियों की सैलरी का एक हिस्सा होता है, जिसे महंगाई के असर को कम करने के लिए दिया जाता है। इसका मकसद कर्मचारियों की क्रय शक्ति को बनाए रखना होता है, ताकि वे बढ़ती कीमतों के बावजूद अपने खर्चों को संभाल सकें।
8वें वेतन आयोग पर भी नजर
सरकार की ओर से 8वें वेतन आयोग को लेकर भी प्रक्रिया जारी है। हालांकि इसे 1 जनवरी 2026 से लागू होना था, लेकिन अब इसके 2027 के मध्य तक लागू होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल DA में बढ़ोतरी ही कर्मचारियों के लिए सबसे बड़ी राहत बनकर सामने आ सकती है।