1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का बड़ा असर! बस किराए में 25% तक कटौती, यात्रियों की हुई बल्ले-बल्ले

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का बड़ा असर! बस किराए में 25% तक कटौती, यात्रियों की हुई बल्ले-बल्ले

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Apr 18, 2026 11:29 am IST,  Updated : Apr 18, 2026 11:29 am IST

दिल्ली से देहरादून का सफर अब सिर्फ तेज ही नहीं, बल्कि पहले से काफी सस्ता भी हो गया है। नए एक्सप्रेसवे के खुलने के बाद यात्रियों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि बस किराए में करीब 25% तक की कटौती कर दी गई है।

दिल्ली-देहरादून रूट...- India TV Hindi
दिल्ली-देहरादून रूट पर बस किराया 25% घटा Image Source : UTC OFFICIAL WEBSITE

देहरादून और दिल्ली के बीच यात्रा करने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। नवनिर्मित दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेसवे) के खुलने से न केवल सफर की रफ्तार बढ़ी है, बल्कि अब आपकी जेब पर पड़ने वाला बोझ भी काफी कम हो गया है। उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) ने एक्सप्रेसवे से होकर गुजरने वाली बसों के किराए में भारी कटौती कर दी है, जिससे यात्रियों के चेहरे खिल गए हैं।

उत्तराखंड परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक (AGM) प्रतीक जैन ने घोषणा की है कि एक्सप्रेसवे के रास्ते चलने वाली बसों के किराए में 25% तक की कमी की गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुलभ, सस्ती और बेहतर परिवहन सेवा प्रदान करना है।

किराये की नई दरें

उत्तराखंड रोडवेज ने अपनी सभी कैटेगरी की बसों के किराए को संशोधित किया है। नई दरें इस प्रकार हैं:

  • वोल्वो (Volvo): लग्जरी वोल्वो बसों का किराया जो पहले ₹945 था, अब घटकर मात्र ₹709 रह गया है। यानी एक तरफ की यात्रा पर सीधे ₹236 की बचत।
  • एसी बस (AC Bus): एसी बसों का किराया ₹704 से घटाकर अब ₹507 कर दिया गया है।
  • साधारण बस (Ordinary): आम जनता की पसंदीदा साधारण बस का किराया ₹430 से कम होकर अब मात्र ₹355 हो गया है।

अब 3 घंटे से भी कम सफर होगा पूरा

किराया घटने के साथ-साथ अब यात्रियों का कीमती समय भी बचेगा। एजीएम प्रतीक जैन ने बताया कि वोल्वो बस और छोटे वाहनों के साथ किए गए सर्वे के अनुसार, अब देहरादून आईएसबीटी (ISBT) से दिल्ली आईएसबीटी तक का सफर मात्र 2 घंटे 55 मिनट में पूरा हो रहा है। पहले इसी दूरी को तय करने में 5 से 6 घंटे का समय लगता था।

यात्रियों में खुशी की लहर

रोडवेज की इस पहल की जनता द्वारा काफी सराहना की जा रही है। किराए में कटौती होने के कारण अब लोग निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को प्रायोरिटी दे रहे हैं। यह न केवल किफायती है बल्कि रफ्तार के मामले में भी अब किसी से कम नहीं है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा