1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. संगठित क्षेत्र में बढ़ीं नौकरियां, EPFO ने जून में जोड़े 19.29 लाख मेंबर, इस उम्र के कर्मचारी सबसे ज्यादा

संगठित क्षेत्र में बढ़ीं नौकरियां, EPFO ने जून में जोड़े 19.29 लाख मेंबर, इस उम्र के कर्मचारी सबसे ज्यादा

 Published : Aug 20, 2024 09:23 pm IST,  Updated : Aug 20, 2024 09:23 pm IST

रोजगार के अवसरों में वृद्धि, कर्मचारी लाभों के बारे में बढ़ती जागरूकता और ईपीएफओ के प्रचार-प्रसार कार्यक्रम के चलते ईपीएफओ ने नए मेंबर्स जोड़े। जून, 2024 के दौरान लगभग 10.25 लाख नए मेंबर्स जुड़े।

महीने के दौरान जोड़े गए नए सदस्यों में से लगभग 2.98 लाख महिलाएं हैं।- India TV Hindi
महीने के दौरान जोड़े गए नए सदस्यों में से लगभग 2.98 लाख महिलाएं हैं। Image Source : FILE

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने जून में शुद्ध रूप से 19.29 लाख सदस्यों को जोड़ा है। श्रम मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर शुद्ध रूप से जोड़े गये सदस्यों में बीते साल जून के मुकाबले 7.86 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह भी जानकारी दी गई है कि देश में संगठित क्षेत्र में नौकरियां बढ़ी हैं। मंत्रालय ने कहा कि ईपीएफओ से जुड़ने वाले सदस्यों की संख्या में बढ़ोतरी के कई कारण हैं। भाषा की खबर के मुताबिक, इसमें रोजगार के अवसरों में वृद्धि, कर्मचारी लाभों के बारे में बढ़ती जागरूकता और ईपीएफओ के प्रचार-प्रसार कार्यक्रम शामिल हैं।

लगभग 10.25 लाख नए मेंबर्स जुड़े

खबर के मुताबिक, आंकड़ों से पता चलता है कि जून, 2024 के दौरान लगभग 10.25 लाख नए मेंबर्स जुड़े। यह मई में जुड़े नए सदस्यों के मुकाबले 4.08 प्रतिशत अधिक है, जबकि बीते साल जून के मुकाबले 1.05 प्रतिशत अधिक है। आंकड़ों के मुताबिक, इसमें 18-25 आयु वाले युवाओं का दबदबा रहा। यह जून में जुड़े कुल नए सदस्यों का 59.14 प्रतिशत है। यह पहले के रुख के मुताबिक है। जो बताता है कि संगठित वर्कफोर्स में शामिल होने वाले ज्यादातर युवा हैं। खासकर ये वे लोग हैं, जिन्हें पहली बार नौकरी मिली है।

लगभग 14.15 लाख सदस्य ईपीएफओ से बाहर निकले

नियमित सैलरी पर रखे जाने वाले (पेरोल) कर्मचारियों के आंकड़ों से पता चलता है कि लगभग 14.15 लाख सदस्य ईपीएफओ से बाहर निकले और बाद में फिर से उससे जुड़े। यह आंकड़ा जून, 2023 की तुलना में सालाना आधार पर 11.79 प्रतिशत अधिक है। ये वे सदस्य हैं, जिन्होंने अपनी नौकरी बदल ली और भविष्य निधि को निकालने के बजाय उसे अपने नये संस्थान में ट्रांसफर करने का विकल्प चुना।

नए सदस्यों में से लगभग 2.98 लाख महिलाएं

स्त्री-पुरुष के आधार पर आंकड़ों विश्लेषण से पता चलता है कि महीने के दौरान जोड़े गए नए सदस्यों में से लगभग 2.98 लाख महिलाएं हैं। यह आंकड़ा बीते वर्ष जून की तुलना में 5.88 प्रतिशत अधिक है। साथ ही, आलोच्य महीने में शुद्ध रूप से 4.28 लाख महिला सदस्यों को इससे जोड़ा गया। यह सालाना आधार पर 8.91 प्रतिशत अधिक है। पेरोल आंकड़े के राज्य-वार विश्लेषण से पता चलता है कि शुद्ध रूप से सदस्यों में वृद्धि महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात और हरियाणा में सबसे अधिक है। शुद्ध रूप से सदस्यों की वृद्धि में इन राज्यों का योगदान लगभग 61.16 प्रतिशत है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा