1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सोने-चांदी की कीमत में आज आया उछाल, Gold 10 ग्राम का भाव 63 हजार के करीब पहुंचा, जानें लेटेस्ट रेट

सोने-चांदी की कीमत में आज आया उछाल, Gold 10 ग्राम का भाव 63 हजार के करीब पहुंचा, जानें लेटेस्ट रेट

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Dec 18, 2023 06:23 pm IST,  Updated : Dec 18, 2023 06:23 pm IST

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में कमोडिटी रिसर्च के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, नवनीत दमानी ने कहा कि सोने की कीमतों में बढ़ोतरी जारी है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के उदार रुख के कारण यह ऊपर गया है।

Gold and Silver Price - India TV Hindi
सोने-चांदी की कीमत Image Source : FILE

सोने और चांदी की कीमत में तेजी का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इसके चलते दोनों कीमती धातु के भाव नई रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए हैं। आपको बता दें कि वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में मजबूत रुख के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 100 रुपये की तेजी के साथ 62,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोने की कीमत 62,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 350 रुपये उछलकर 77,950 रुपये प्रति किलोग्राम पर जा पहुंची। 

वैश्विक बाजारों में भी बढ़ी कीमत 

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि विदेशी बाजारों में तेजी के रुख के बाद सोमवार को दिल्ली के बाजारों में सोना 100 रुपये मजबूत होकर 62,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। एमसीएक्स के वायदा कारोबार में सोमवार को सोने के फरवरी अनुबंध का भाव 162 रुपये घटकर 62,030 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जबकि चांदी के मार्च अनुबंध का भाव 153 रुपये उछलकर 74,678 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। वैश्विक बाजारों में सोना बढ़कर 2,024 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी उछाल के साथ 24 डॉलर प्रति औंस हो गई। कॉमेक्स (जिंस बाजार) में हाजिर सोना 2,037 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले पांच डॉलर अधिक है।

इस कारण बढ़ी रही सोने और चांदी की कीमत 

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में कमोडिटी रिसर्च के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, नवनीत दमानी ने कहा कि सोने की कीमतों में बढ़ोतरी जारी है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के उदार रुख के कारण यह ऊपर गया है। फेडरल रिजर्व ने ब्याज दर को बरकरार रखते हुए वर्ष 2024 में इसमें कटौती के संकेत दिये हैं। इससे डॉलर और बांड प्रतिफल में गिरावट आई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा