Gold Rate Today on 14th February 2025 : सोने-चांदी की कीमतों में तेजी थमने का नाम ही नहीं ले रही है। इससे आम आदमी के लिए ये कीमती धातुएं खरीदना अब बहुत भारी काम हो गया है। घरेलू वायदा बाजार में भी सोने-चांदी के भाव भारी बढ़त के साथ ट्रेड कर रहे हैं। वहीं, चांदी एक बार भी लखटकिया होने जा रही है। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार दोपहर एमसीएक्स एक्सचेंज पर 4 अप्रैल 2025 की डिलीवरी वाला सोना 0.58 फीसदी या 500 रुपये की तेजी के साथ 86,309 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। वैश्विक बाजारों में भी सोने-चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है।
लखटकिया होने जा रही चांदी
सोने के साथ ही चांदी की कीमतों में भारी तेजी देखने को मिल रही है। चांदी के घरेलू वायदा भाव 1 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के करीब पहुंच गए हैं। शुक्रवार दोपहर एमसीएक्स एक्सचेंज पर 5 मार्च 2025 की डिलीवरी वाली चांदी 2.92 फीसदी या 2778 रुपये की बढ़त के साथ 98,011 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करती दिखी। इसके अलावा 5 मई 2025 की डिलीवरी वाली चांदी इस समय 2.75 फीसदी या 2671 रुपये की बढ़त के साथ 99,870 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करती दिखाई दी।
सोने का वैश्विक भाव
सोने की वैश्विक कीमतों में भी शुक्रवार दोपहर तेजी देखने को मिली। कॉमेक्स पर सोना 0.60 फीसदी या 17.80 डॉलर की बढ़त के साथ 2,963.20 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखाई दिया। वहीं, सोने का वैश्विक हाजिर भाव इस समय 0.32 फीसदी या 9.50 डॉलर की बढ़त के साथ 2937.71 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।
चांदी का वैश्विक भाव
सोने के साथ ही चांदी की वैश्विक कीमतों में भी तेजी देखने को मिली है। कॉमेक्स पर चांदी का वैश्विक वायदा भाव शुक्रवार दोपहर 4.05 फीसदी या 1.32 डॉलर की बढ़त के साथ 34.05 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखाई दिया। वहीं, चांदी का वैश्विक हाजिर भाव इस समय 2.70 फीसदी या 0.87 डॉलर की बढ़त के साथ 33.22 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।



































