1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Price: 1.12 लाख रुपये हुआ 10 ग्राम सोने का भाव, 5080 रुपये की तेजी के साथ बनाया नया रिकॉर्ड

Gold Price: 1.12 लाख रुपये हुआ 10 ग्राम सोने का भाव, 5080 रुपये की तेजी के साथ बनाया नया रिकॉर्ड

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Sep 09, 2025 04:18 pm IST,  Updated : Sep 09, 2025 05:51 pm IST

राजधानी दिल्ली में आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 5,080 रुपये की रिकॉर्ड बढ़ोतरी के साथ 1.12 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने ये जानकारी दी।

gold, gold price, gold price today- India TV Hindi
सोने ने बनाया नया रिकॉर्ड Image Source : FREEPIK

Gold Rate Today: मंगलवार को सोने की कीमतों ने अपने सारे पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नया रिकॉर्ड बना दिया है। मजबूत वैश्विक रुझानों के अनुरूप, राजधानी दिल्ली में आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 5,080 रुपये की ताबड़तोड़ तेजी के साथ 1,12,750 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने ये जानकारी दी। बताते चलें कि सोने की कीमतों ने इस साल 22 अप्रैल को पहली बार 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का आंकड़ा छुआ था, जिसके बाद इसके भाव में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलता रहा है।

चांदी ने भी बनाया नया रिकॉर्ड

सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 200 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 1,07,670 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। इसके साथ ही, कल 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 200 रुपये टूटकर 1,06,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। सोने के साथ ही, आज चांदी की कीमतें में भी 2,800 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके बाद ये 1,28,800 रुपये प्रति किलो के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गईं। पिछले बाजार सत्र में ये कीमती धातु 1000 रुपये की गिरावट के साथ 1,26,000 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी।

वैश्विक बाजारों में भी नए लाइफटाइम हाई पर पहुंचा गोल्ड

वैश्विक बाजारों में, मंगलवार को सोना 3,659.27 डॉलर प्रति औंस के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया। बाद में ये कीमती धातु 16.81 डॉलर या 0.46 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3,652.72 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। व्यापारियों ने कहा कि पिछले हफ्ते अमेरिका में श्रम बाजार के कमजोर आंकड़ों ने मौद्रिक नीति में ढील की संभावना बढ़ा दी है, जिससे निवेशकों का रुझान सोने जैसी सुरक्षित निवेश वाली संपत्तियों की ओर बढ़ा है। डॉलर में गिरावट ने सर्राफा कीमतों में तेजी को और बल दिया। इस बीच, 6 प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर इंडेक्स 0.17 प्रतिशत गिरकर 97.29 पर आ गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा