1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. यूपी में 12 नए एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी में सरकार, राज्य का कोना-कोना होगा कनेक्ट

यूपी में 12 नए एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी में सरकार, राज्य का कोना-कोना होगा कनेक्ट

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Feb 10, 2026 08:00 am IST,  Updated : Feb 10, 2026 08:00 am IST

सरकार चाहती है कि राज्य का छोटे-से-छोटा कस्बा भी एक्सप्रेसवे के साथ जुड़े, ताकि प्रदेश का कोई भी एक कोना, दूसरे कोने के साथ शानदार तरीके से कनेक्ट हो।

uttar pradesh, up, up government, uttar pradesh government, expressway, new expressway, upcoming exp- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : HTTPS://X.COM/NARENDRAMODI

उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में बड़े बदलावों को लेकर काफी गंभीर दिख रही है, जिसके लिए इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए सभी संभावनाओं पर काम किया जा रहा है। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार, राज्य के छोटे-से-छोटे कस्बों को एक्सप्रेसवे के साथ जोड़कर शानदार कनेक्टिविटी देना चाहती है। लाइव हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यूपी सरकार राज्य में 12 नए एक्सप्रेसवे बनाने की योजना पर काम कर रही है। उत्तर प्रदेश में फिलहाल 7 एक्सप्रेसवे एक्टिव हैं, जबकि 3 एक्सप्रेसवे का निर्माण चल रहा है। 3 निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे का काम पूरा होने के बाद यूपी में कुल 10 एक्सप्रेसवे हो जाएंगे। जिसके बाद, 12 नए एक्सप्रेसवे बनने के बाद यूपी रिकॉर्ड 22 एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन जाएगा।

राज्य की आर्थिक तरक्की में बड़ा योगदान देंगे एक्सप्रेसवे

सरकार चाहती है कि राज्य का छोटे-से-छोटा कस्बा भी एक्सप्रेसवे के साथ जुड़े, ताकि प्रदेश का कोई भी एक कोना, दूसरे कोने के साथ शानदार तरीके से कनेक्ट हो। इतना ही नहीं, 22 एक्सप्रेसवे के दम पर यूपी के सभी जिले, शहर और कस्बे सिर्फ आपस में ही नहीं, बल्कि देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के सभी राज्यों, जिलों और शहर के साथ भी बेहतरीन तरीके से कनेक्ट हो जाएंगे। ये एक्सप्रेसवे सिर्फ आम लोगों की यात्रा में ही मदद नहीं करेंगे, बल्कि व्यापार को बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएंगे और सप्लाई चेन को मजबूत बनाएंगे। बेहतर कनेक्टिविटी होने से राज्य में जबरदस्त निवेश आएगा और बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर बनेंगे, जिससे राज्य आर्थिक रूप से काफी ताकतवर बन जाएगा।

5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य बनेगा यूपी

यूपी सरकार, राज्य को वर्ल्ड क्लास कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए एक्सप्रेसवे के साथ-साथ एयरपोर्ट पर भी काफी जोर दे रही है। प्रदेश में फिलहाल कुल एयरपोर्ट की संख्या 16 है। इनमें से 4 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं, जबकि बाकी के 12 डोमेस्टिक एयरपोर्ट हैं। गौतमबुद्ध नगर जिले में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, राज्य का 17वां और 5वां इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा, जिसके जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के साथ ही, उत्तर प्रदेश 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा