1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. ₹180 में हेयरकट और ₹120 में शेविंग, हजामत के लिए अब 20% ज्यादा चुकानी होगी कीमत

₹180 में हेयरकट और ₹120 में शेविंग, हजामत के लिए अब 20% ज्यादा चुकानी होगी कीमत

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 06, 2026 12:33 pm IST,  Updated : Jun 06, 2026 12:33 pm IST

नई दरों के हिसाब से, एक नॉर्मल हेयरकट के लिए अब 180 रुपये देने होंगे, जबकि शेविंग के लिए अब 120 रुपये देने होंगे।

grooming services, grooming services price hike, hair cutting, hair cutting price hike, shaving pric- India TV Hindi
शेविंग के लिए अब 120 रुपये देने होंगे Image Source : PIXABAY

देश की आम जनता पर महंगाई की चौतरफा मार पड़नी शुरू हो गई है। पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, कई खाद्य पदार्थों की कीमत बढ़ने के बाद अब हजामत कराना भी महंगा हो गया है। नाई संगठनों ने हेयर कटिंग, शेविंग समेत तमाम ग्रूमिंग से जुड़ी सर्विस के दाम 20 प्रतिशत बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें शनिवार, 6 जून से लागू भी हो गई हैं। पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र के नाई संगठन के प्रतिनिधियों का कहना है कि सैलून में इस्तेमाल होने वाली चीजों की बढ़ती लागत की वजह से ये फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और ईरान-अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के कारण सैलून में इस्तेमाल होने वाली चीजें महंगी हो गई हैं।

नॉर्मल हेयरकट के लिए भी देने होंगे 180 रुपये

नई दरों के हिसाब से, एक नॉर्मल हेयरकट के लिए अब 180 रुपये देने होंगे, जबकि शेविंग के लिए अब 120 रुपये देने होंगे। जो ग्राहक दाढ़ी ट्रिम करवाएंगे, उन्हें 150 रुपये देने होंगे। सिर की मालिश की कीमत 180 रुपये और बाल धोने की कीमत 120 रुपये होगी। प्रीमियम ग्रूमिंग सर्विसेज में फेशियल ट्रीटमेंट 700 रुपये से शुरू होंगे, जबकि हेयर स्पा की कीमत 600 रुपये होगी। महाराष्ट्र नाभिक महामंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि हाल के महीनों में लागत का बोझ काफी बढ़ गया है।

आमतौर पर दो साल के अंतराल में पैसे बढ़ाते थे नाई संगठन

संगठन का कहना है कि पश्चिम एशिया के मौजूदा हालातों और व्यापक आर्थिक अनिश्चितताओं ने नाई की दुकानों और सैलून चलाने के लिए जरूरी कई चीजों की कीमतों पर काफी बुरा असर डाला है। इस वजह से सैलून संचालकों को तय समय से पहले ही अपनी सर्विस की कीमतों पर दोबारा विचार करना पड़ा। इस फैसले को लेकर महाराष्ट्र नाभिक महामंडल के पदाधिकारी श्याम अस्करकर ने कहा, "आमतौर पर, हम दो साल के अंतराल के बाद जनवरी में दरों में बदलाव करते हैं। हालांकि, इस बार सैलून में इस्तेमाल होने वाले सामान और अन्य चीजों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के कारण हमें बीच में ही दरें बदलने के लिए मजबूर होना पड़ा।"

प्रीमियम या लग्जरी सैलून का नेतृत्व नहीं करते नाई संगठन

महाराष्ट्र में एक लाख से भी ज्यादा नाई की दुकानें हैं। नए रेट का असर पूरे राज्य के सैलून के एक बड़े हिस्से पर पड़ने की उम्मीद है। हालांकि, संगठन ने स्पष्ट किया कि वो प्रीमियम या लग्जरी सैलून का प्रतिनिधित्व नहीं करता है। ऐसे प्रतिष्ठान आमतौर पर बहुत ज्यादा रेट वसूलते हैं, जहां हेयरकट की कीमतें अक्सर लगभग 500 रुपये से शुरू होती हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा