1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. देश के विदेशी मुद्रा भंडार में उछाल, तीन हफ्ते गिरने के बाद अब इतने अरब डॉलर बढ़ा

देश के विदेशी मुद्रा भंडार में उछाल, तीन हफ्ते गिरने के बाद अब इतने अरब डॉलर बढ़ा

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : May 10, 2024 05:59 pm IST,  Updated : May 10, 2024 05:59 pm IST

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, तीन मई को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 4.46 अरब डॉलर बढ़कर 564.16 अरब डॉलर रही।

Forex Reserve - India TV Hindi
विदेशी मुद्रा भंडार Image Source : FILE

देश के विदेशी मुद्रा भंडार फिर बढ़ गया है। पिछले तीन सप्ताह की गिरावट के बाद देश का विदेशी मुद्रा भंडार तीन मई को समाप्त सप्ताह में 3.67 अरब डॉलर बढ़कर 641.59 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पहले, 26 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.41 अरब डॉलर घटकर 637.92 अरब डॉलर रहा था। यह कई सप्ताह की तेजी के बाद पांच अप्रैल को समाप्त सप्ताह में 648.56 अरब डॉलर के नये सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

इस कारण बढ़ा फॉरेक्स रिजर्व 

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, तीन मई को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 4.46 अरब डॉलर बढ़कर 564.16 अरब डॉलर रही। डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। रिजर्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान स्वर्ण आरक्षित भंडार का मूल्य 65.3 करोड़ डॉलर घटकर 54.88 अरब डॉलर रहा। 

आईएमएफ के पास जमा में गिरावट 

रिजर्व बैंक ने कहा कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 20 लाख डॉलर बढ़कर 18.05 अरब डॉलर हो गया। रिजर्व बैंक के मुताबिक समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित जमा 14 करोड़ डॉलर घटकर 4.49 अरब डॉलर रह गयी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा