1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत 2027 तक बन जाएगा दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी, इन दो बड़े देशों को छोड़ेंगे हम पीछे

भारत 2027 तक बन जाएगा दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी, इन दो बड़े देशों को छोड़ेंगे हम पीछे

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Jan 15, 2025 12:39 pm IST,  Updated : Jan 15, 2025 12:39 pm IST

World's third largest economy : उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत साल 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बन जाएगा।

पीयूष गोयल और निर्मला...- India TV Hindi
पीयूष गोयल और निर्मला सीतारमण Image Source : FILE

World's third largest economy : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि 2027 तक जापान और जर्मनी से आगे निकलकर भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। गोयल ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 साल में क्या किया? वह भारत को 11वें सबसे बड़े जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) से पांचवें सबसे बड़े जीडीपी पर ले गए।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने 2014 में अनुमान लगाया था कि 30 वर्ष में भारत तीसरी सबसे बड़ी जीडीपी वाला देश बन जाएगा। गोयल ने कहा, ‘‘मोदी ने क्या किया? उन्होंने कहा था कि ‘मैं इसे आधे से भी कम समय में कर दूंगा' और मैं आपको विश्वास दिलाता हूं मित्रों, 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा।"

जापान और जर्मनी से आगे होंगे हम

गोयल ने कहा कि हम जापान और जर्मनी से आगे होंगे। केवल 13 वर्षों में न कि 30 वर्षों में। यह प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता तथा दृढ़ विश्वास है। साथ ही उन्होंने कहा कि 19 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया है। इनमें से आठ मुस्लिम बहुल, 10 ईसाई बहुल और एक बौद्ध बहुल देश है। उन्होने कहा ‘‘कुछ लोग जो भारत और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ झूठी कहानी गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, उसका इससे बेहतर जवाब कोई नहीं हो सकता।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘वह सच्ची धर्मनिरपेक्षता वाले सबसे समावेशी नेता हैं, जो तुष्टिकरण की राजनीति में विश्वास नहीं करते हैं, वह सबका साथ, सबका विकास में विश्वास करते हैं।’’

ये हैं दुनिया की 5 बड़ी अर्थव्यवस्थाएं

इस समय अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी इकोनॉमी है। अमेरिका की जीडीपी 30.34 ट्रिलियन डॉलर है। दूसरे स्थान पर चीन है, जिसकी इकॉनमी 19.53 ट्रिलियन डॉलर है। जर्मनी 4.92 ट्रिलियन डॉलर की जीडीपी के साथ तीसरे स्थान पर है। 4.39 ट्रिलियन डॉलर की जीडीपी के साथ जापान चौथे स्थान पर है। पांचवें स्थान पर भारत है, जिसकी जीडीपी 4.27 ट्रिलियन डॉलर की है।

(भाषा/पीटीआई के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा