भारतीय रेलवे ने कर्नाटक और महाराष्ट्र के यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए मुंबई और बेंगलुरु के बीच नई द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू कर दी है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से बेंगलुरु, पुणे, बेलगावी, हुबली-धारवाड़ और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक रेल ऑप्शन मिलेगा। रेलवे का मानना है कि इससे व्यापार, नौकरी, शिक्षा और पर्यटन के लिए सफर करने वालों को काफी फायदा होगा।
कौन-सी ट्रेन चलेगी इस रूट पर?
यह नई ट्रेन भारतीय रेल के तहत SMVT बेंगलुरु-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के नाम से चलाई जाएगी। इसका ट्रेन नंबर 16553/16554 रखा गया है।यह ट्रेन करीब 1210 किलोमीटर की दूरी लगभग 24.05 घंटे में पूरी करेगी। नियमित सेवा बेंगलुरु से 23 मई और मुंबई से 24 मई 2026 से शुरू होगी।
किन-किन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन?
नई एक्सप्रेस ट्रेन कुल 15 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें तुमकुरु, दावणगेरे, हुबली, धारवाड़, बेलगावी, मिराज, सांगली, सतारा, पुणे, लोणावला, कल्याण और ठाणे जैसे स्टेशन शामिल हैं। इस रूट से उत्तर कर्नाटक और महाराष्ट्र के कई शहरों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
जानिए ट्रेन की टाइमिंग
ट्रेन नंबर 16553 SMVT बेंगलुरु-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस हर मंगलवार और शनिवार रात 8:35 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी। यह अगले दिन रात 8:40 बजे मुंबई पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 16554 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस हर रविवार और बुधवार रात 11:15 बजे मुंबई से चलेगी और अगले दिन रात 10:30 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी।
कितना होगा किराया?
- स्लीपर क्लास: लगभग ₹750
- AC 3-टियर: लगभग ₹1,880
- AC 2-टियर: लगभग ₹2,575
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
यह ट्रेन 17 आधुनिक LHB कोच के साथ चलाई जाएगी। इसमें AC और स्लीपर कोच के अलावा जनरल डिब्बे और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधा वाला कोच भी शामिल होगा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक नई ट्रेन सेवा से दोनों राज्यों के बीच यात्रा पहले से ज्यादा आरामदायक और आसान हो जाएगी।