1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने का आ गया समय, IndiGo और Akasa Air इस दिन से 10 शहरों के लिए शुरू करेंगी उड़ानें

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने का आ गया समय, IndiGo और Akasa Air इस दिन से 10 शहरों के लिए शुरू करेंगी उड़ानें

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Nov 15, 2025 01:11 pm IST,  Updated : Nov 15, 2025 01:11 pm IST

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को अब अपनी दूसरी बड़ी हवाई सुविधा मिलने जा रही है। लंबे इंतजार के बाद नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट 25 दिसंबर से आम यात्रियों के लिए अपने दरवाजे खोलने को तैयार है।

25 दिसंबर से आम...- India TV Hindi
25 दिसंबर से आम यात्रियों के लिए खुलेगा नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट Image Source : PTI

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को बीते महीने ही नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) के रूप में एक बड़ा हवाई तोहफा मिला है। हालांकि, अभी तक यहां से कोई भी उड़ान सेवा शुरु नहीं हुई है। लेकिन आम यात्रियों को जिसका बेसब्री से इंतजार है, वो जल्द पूरा होगा। 25 दिसंबर से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट आम यात्रियों के लिए खुलने जा रहा है। क्रिसमस के दिन से शुरू होने वाला यह नया सफर न सिर्फ मुंबई महानगर क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, बल्कि एयरलाइंस के लिए भी नए ऑपरेशन हब का रास्ता खोलेगा। इस दिन से देश की दो प्रमुख एयरलाइंस इंडिगो और अकासा एयर यहां से उड़ान सेवाएं शुरू करेंगी।

अकासा एयर की उड़ानें

अकासा एयर 25 दिसंबर से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपने ऑपरेशन चरणबद्ध तरीके से शुरू करेगी। पहली फ्लाइट दिल्ली और नवी मुंबई के बीच उड़ान भरेगी। इसके बाद कुछ ही दिनों में एयरलाइन गोवा, कोच्चि और अहमदाबाद के लिए सेवाएं शुरू करेगी। एयरलाइन ने बताया कि वह आने वाले समय में नवी मुंबई एयरपोर्ट से 300 घरेलू और 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रति सप्ताह तक बढ़ाएगी। साथ ही, FY2027 तक 10 बेस स्थापित करने की योजना है, जिसमें मध्य पूर्व और दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए अंतरराष्ट्रीय विस्तार भी शामिल है। Akasa Air के को-फाउंडर और CCO प्रवीन अय्यर ने कहा कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पश्चिमी भारत में एयरलाइन की उपस्थिति को और मजबूत करेगा तथा नए यात्रियों और नई रूट डिमांड को आकर्षित करने में मदद करेगा।

इंडिगो जोड़ेगी 10 शहर

इसी दिन इंडिगो भी नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपनी सेवाओं की शुरुआत करेगी। एयरलाइन ने घोषणा की कि वह नवी मुंबई को एक ही साथ 10 शहरों से जोड़ेगी। इनमें दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ, नागपुर, जयपुर, कोच्चि, मंगलुरु और नॉर्थ गोवा (मोपा) शामिल हैं। इंडिगो ने कहा कि नवी मुंबई एयरपोर्ट, पुराने मुंबई एयरपोर्ट के काम को बांटते हुए, पश्चिम भारत में बढ़ती हवाई यात्रा की जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा।

बीते महीने हुआ उद्घाटन

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण 8 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया था। 1160 हेक्टेयर में फैले इस आधुनिक हवाईअड्डे का पहला फेज 19,650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। इसमें एक टर्मिनल और एक रनवे शामिल है, जिसकी सालाना क्षमता 2 करोड़ यात्रियों की है।

यात्रियों के लिए बड़ी राहत

नया एयरपोर्ट खुलने से मुंबई एयर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यात्रियों को नॉन-स्टॉप उड़ानों के कई नए ऑप्शन मिलेंगे। 25 दिसंबर से शुरू होने वाली सेवाओं के लिए एयरलाइंस ने टिकट बिक्री भी शुरू कर दी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा