उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर जमीन (भूखंड) खरीदने का सुनहरा मौका आया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) अनंत नगर योजना के चौथे चरण में 498 भूखंडों की बिक्री करेगा, जिनके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्राधिकरण द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इन भूखंडों के लिए रजिस्ट्रेशन कराने की आखिरी तारीख 27 मई है। इस योजना के तहत, आलोक खंड में 493, आदर्श खंड में 4 और आकाश खंड में 1 भूखंड बिक्री के लिए उपलब्ध है। अनंत नगर योजना के तहत बेचे जाने वाली ये जमीनें 3 साइज- 162 वर्ग मीटर, 200 वर्ग मीटर और 288 वर्ग मीटर में उपलब्ध हैं।
785 एकड़ क्षेत्रफल में फैली है एलडीए की अनंत नगर योजना
रेरा द्वारा स्वीकृत 785 एकड़ क्षेत्रफल में फैली इस योजना में आपको बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी। अनंत नगर योजना में आपको उत्कृष्ट सड़कों का नेटवर्क, आधुनिक सीवेज सिस्टम, भूमिगत लाइनों से 24 घंटे निर्बाध बिजली की सप्लाई, पानी और सुरक्षा जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इस योजना में 130 एकड़ का विशाल ग्रीन स्पेस होगा। बताते चलें कि अनंत नगर योजना, लखनऊ की प्रमुख जगहों से काफी नजदीक है। अनंत नगर योजना से सीसीएस एयरपोर्ट की दूरी 10 मिनट, आगरा एक्सप्रेसवे की दूरी 10 मिनट, किसान पथ की दूरी 5 मिनट और मेडिकल यूनिवर्सिटी की दूरी 5 मिनट है।
लॉटरी के माध्यम से होगा जमीनों का आवंटन
लखनऊ विकास प्राधिकरण की इस योजना में रजिस्ट्रेशन यानी पंजीकरण कराने के लिए जमीन की अनुमानित कीमत का 5 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में जमा करना होगा। इन जमीनों को खरीदने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और जमीनों का आवंटन लॉटरी के माध्मय से किया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण की वेबसाइट पर ही रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। बताते चलें कि अनंत नगर योजना के शुरुआती 3 चरणों में 1283 भूखंडों के लिए 29,000 से भी ज्यादा आवेदन आए थे। LDA को इस बार भी भारी संख्या में आवेदन प्राप्त होने की उम्मीद है।