1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. शेयर बाजार की लंबी छलांग, IT-बैंकिंग शेयरों के दम पर सेंसेक्स में 463 अंक की तेजी, निफ्टी 18,800 के पार निकला

शेयर बाजार की लंबी छलांग, IT-बैंकिंग शेयरों के दम पर सेंसेक्स में 463 अंक की तेजी, निफ्टी 18,800 के पार निकला

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Jun 27, 2023 03:39 pm IST,  Updated : Jun 27, 2023 05:01 pm IST

बीएसई सेंसेक्स 446.03 अंक की मजबूती के साथ 63,416.03 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 126.20 अंक चढ़कर 18,817.40 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार की लंबी छलांग- India TV Hindi
शेयर बाजार की लंबी छलांग Image Source : PTI

शेयर बाजार आज लंबी छलांग लागने में कामयाब हुआ। आईटी और बैंकिंग स्टॉक्स में खरीदारी लौटने से बीएसई सेंसेक्स 446.03 अंक की मजबूती के साथ 63,416.03 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 126.20 अंक चढ़कर 18,817.40 अंक पर बंद हुआ। आपको बता दें कि निफ्टी में शामिल एचडीएफसी लाइफ के शेयरों में सबसे अधिक 5.50% की तेजी देखने को मिली। इसके अलावा अपोलो हॉस्पिटल, एसबीआई, जेएसडब्ल्यू और एसबीआई लाइफ के शेयरों में अच्छी तेजी रही। 

मंगलवार को शुरुआती कारोबार में एशियाई बाजारों में मिलेजुले रुख के बीच प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी की मजबूत शुरुआत हुई। इस दौरान एचडीएफसी के दोनों शेयरों, इंफोसिस और एमएंडएम जैसे बड़े शेयरों से बाजार को समर्थन मिला। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 235.52 अंक चढ़कर 63,205.52 पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 72.4 अंक बढ़कर 18,763.60 पर था। सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स, इंफोसिस, भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, लार्सन एंड टुब्रो, एनटीपीसी, एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक में उल्लेखनीय बढ़त हुई। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 409.43 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 9.37 अंक या 0.01 प्रतिशत गिरकर 62,970 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 25.70 अंक या 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,691.20 पर बंद हुआ था। 

29 जून को बंद रहेगा शेयर बाजार 

देश के प्रमुख शेयर बाजार बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) 29 जून को ईद-उल-अजहा या बकरीद के अवसर पर बंद रहेंगे। इससे पहले बाजार 28 जून को बंद रहने वाला था। महाराष्ट्र सरकार ने बकरीद का सार्वजनिक अवकाश अब 29 जून को घोषित किया है, जिसके बाद यह फैसला किया गया।

तीन दिन गिरकर बंद हुआ था बाजार 

इससे पहले, सेंसेक्स में तीन दिन से गिरावट थी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 126.20 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 18,817.40 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स शेयरों में भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स, एनटीपीसी और बजाज फिनसर्व प्रमुख रूप से लाभ में रहें। एचडीएफसी के चेयरमैन दीपक पारेख ने कहा कि आवास वित्त कंपनी एचडीएफसी का एचडीएफसी बैंक के साथ विलय एक जुलाई से प्रभाव में आएगा। इससे दोनों एचडीएफसी के शेयरों में तेजी रही। 

इन कंपनियों के शेयरों में रही गिरावट 

दूसरी तरफ, मारुति, आईटी तथा हिंदुस्तान यूनिलीवर नुकसान में रहे। एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी तथा जापान का निक्की नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरूआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार में सोमवार को गिरावट रही थी। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73.35 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 409.43 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा