1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. म्यूजिक स्ट्रीमिंग कंपनी स्पॉटिफाई इस साल तीसरी बार छंटनी करेगी, इतने कर्मचारियों को निकालेगी बाहर

म्यूजिक स्ट्रीमिंग कंपनी स्पॉटिफाई इस साल तीसरी बार छंटनी करेगी, इतने कर्मचारियों को निकालेगी बाहर

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Dec 04, 2023 05:52 pm IST,  Updated : Dec 04, 2023 05:52 pm IST

स्पॉटिफाई के संस्थापक और सीईओ डैनियल ऐक ने कर्मचारियों को लिखे एक नोट में कहा कि कंपनी के लिए आगे की चुनौतियों का सामना करने के लिए छंटनी का सहारा लेना पड़ रहा है। छंटनी की वजह धीमी आर्थिक वृद्धि और बढ़ा हुआ खर्च है।

Spotify- India TV Hindi
स्पॉटिफाई Image Source : FILE

म्यूजिक स्ट्रीमिंग सेवा देने वाली कंपनी स्पॉटिफाई अपनी लागत कम करने और मुनाफा में लौटने के लिए दुनिया भर में लगभग 1,500 कर्मचारियों की छंटनी करेगी। यह स्पॉटिफाई में इस साल होने वाली तीसरी छंटनी होगी। इसके पहले जनवरी में कंपनी ने करीब छह प्रतिशत कर्मचारियों और जून में दो प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करने की घोषणा की गई थी। स्पॉटिफाई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डेनियल इक ने सोमवार को कंपनी के ब्लॉग पर 17 प्रतिशत कर्मचारियों को हटाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नौकरियों में यह कटौती 'रणनीति’ के तहत की जा रही है जिसमें कम श्रमबल के साथ मुनाफे पर जोर दिया गया है।

भारी घाटे में है कंपनी 

हालांकि इक ने अपनी पोस्ट में हटाए जाने वाले कर्मचारियों की संख्या नहीं बताई। लेकिन कंपनी के एक प्रवक्ता ने करीब 1,500 कर्मचारियों को दुनिया भर में हटाए जाने की पुष्टि की। स्टॉकहोम स्थित कंपनी साल 2023 में सितंबर तक 46.2 करोड़ यूरो यानी करीब 50 करोड़ डॉलर के शुद्ध घाटे में रही है। स्पॉटिफाई ने कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों, सामग्री और विपणन पर 2020 और 2021 में बड़े पैमाने पर निवेश किया था। उसके लिए कंपनी ने सस्ती दरों पर कर्ज लिए थे लेकिन बाद में ब्याज दर बढ़ने से कंपनी की समस्याएं बढ़ने लगीं। जून में, कंपनी ने कॉर्पोरेट पुनर्गठन के हिस्से के रूप में अपने पॉडकास्ट डिवीजन से 200 कर्मचारियों या अपने कार्यबल के 2 प्रतिशत को बर्खास्त किया था, जबकि जनवरी में, इसने वैश्विक स्तर पर अपने कार्यबल के 6 प्रतिशत या लगभग 600 कर्मचारियों को हटा दिया।

बैंकों के ब्याज बढ़ाने का बुरा असर 

इक ने भी अपनी पोस्ट में इसका जिक्र करते हुए कहा, "पिछले साल दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों ने ब्याज दरें बढ़ानी शुरू कर दीं। अब हम खुद को बहुत मुश्किल हालात में पा रहे हैं। बीते एक साल में लागत घटाने की तमाम कोशिशों के बावजूद हमें लागत ढांचे पर खास ध्यान देने की जरूरत है।" महामारी के दौरान कारोबार में तेजी से विस्तार करने वाली कई अन्य प्रौद्योगिकी आधारित कंपनियों- अमेजन, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, मेटा और आईबीएम ने भी इस साल हजारों कर्मचारियों की छंटनी की है। कंपनी कर्मचारियों को उनकी सेवानिवृत्ति अवधि के दौरान स्वास्थ्य देखभाल प्रदान करना जारी रखेगी। सभी कर्मचारी दो महीने के लिए आउटप्लेसमेंट सर्विस के पात्र होंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा