उत्तराखंड में आने वाले दिनों में हाइवे और एक्सप्रेसवे का बहुत बड़ा नेटवर्क तैयार होने वाला है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन समारोह के मौके पर मंगलवार, 14 अप्रैल को केंद्रीय राजमार्ग एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने राज्य में चल रहे इन्फ्रा प्रोजेक्ट को लेकर लेटेस्ट अपडेट दिया। गडकरी ने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी जी को ओर से उत्तराखंड को ऐसी सौगात दी जा रही है कि जो उत्तराखंड के विकास को और गतिशीलता देने वाली है। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लिए कहा कि यह केवल आर्थिक कॉरिडोर नहीं है, बल्कि यह राज्य के विकास को गति देने वाला, आर्थिक विकास के साथ-साथ रोजगार निर्माण करने वाला और पर्यटन को गतिशीलता देने वाला प्रोजेक्ट है। गडकरी ने कहा कि गणेशपुर से देहरादून के बीच 12 किलोमीटर का एलिवेटेज कॉरिडोर है। उसके लिए हमने विशेष रूप से प्रोटेक्ट किया है।
Related Stories
गडकरी ने कहा कि इस एक्सप्रेसवे की लागत 12000 करोड़ रुपये है। यह 213 किलोमीटर 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है, जो दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस हाइवे से शुरू होकर अक्षरधाम से शास्त्री पार्क, खजूरी खास, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर से देहरादून तक आता है।
राज्य के अन्य प्रोजेक्ट पर दिया ये अपडेट
- सहारनपुर से हरिद्वार तक 51 किलोमीटर 6 लेन रोड का उद्घाटन भी जून 2026 में किया जाएगा। साल 2014 से अबतक उत्तराखंड में करीब 1 लाख 30 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट दिए हैं। करीब 25,000 करोड़ रुपये के लागत के 2461 किलोमीटर का कार्य हमने पूरा किया है।
- उत्तराखंड में जो प्रोजेक्ट अभी चल रहे हैं, वह करीब 35,000 करोड़ रुपये के हैं और आने वाले जो प्रोजेक्ट हैं, वह करीब 80,000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट हैं, जो पाइपलाइन में हैं।
- 1650 करोड़ रुपये की लागत से पौंटा साहिब से देहरादून होकर बल्लूपुर तक 4 लेन मार्ग मई 2026 में शुरू हो जाएगा। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के बीच अच्छी कनेक्टिविटी हो जाएगी।
- 1600 करोड़ रुपये की लागत से हरिद्वार में 4 लेन ग्रीनफील्ड बाइपास फेज 1 अक्तूबर 2026 तक पूरा हो जाएगा, जिससे दिल्ली से हरिद्वार, ऋषिकेश जाने में मिलने वाले ट्रैफिक की समस्या हल होगी।
- 1100 करोड़ रुपये की लागत से ऋषिकेश बाइपास बहुत महत्वपूर्ण है। अभी मार्च में यह पास हुआ है। प्रधानमंत्री ने कैबिनेट में अप्रूवल दिया है। अगस्त 2026 तक इसका भी काम शुरू हो जाएगा।
- करीब 1050 करोड़ रुपये की लागत से 21 किलोमीटर लंबा रुद्रपुर में 4 लेन बाइपास अक्तूबर 2026 में पूरा हो जाएगा।
- 936 करोड़ रुपये की लागत से 15 किलोमीटर लंबा काशीपुर से 4 लेन बाइपास दिसंबर 2026 में पूरा होगा।
- 716 करोड़ रुपये की लागत से 12 किलोमीटर लंबा देहरादून से झाझरा होकर आशारोड़ी तक 4 लेन एलिवेटेड रोड का निर्माण चल रहा है। यह अप्रैल 2027 में पूरा हो जाएगा।
- 745 करोड़ रुपये की लागत से 20 किलोमीटर लंबा मलीहाबादी जौलीग्रांट ऋषिकेश तक 4 लेन मार्ग अप्रैल 2028 तक बनकर तैयार हो जाएगा।
- 630 करोड़ रुपये की लागत से 7 किलोमीटर लंबा जोशीमठ से मलारी तक 2 लेन मार्ग दिसंबर 2026 में पूरा हो जाएगा।
- 1700 करोड़ रुपये की लागत से देहरादून से 4 लेन बाइपास, जिसके डीपीआर पर मई 2026 में काम शूरू होगा। दिल्ली से देहरादून एक्सप्रेसवे को दिल्ली से मसूरी के लिए नए एलाइनमेंट के साथ चयन किया गया है। इससे शहर के ट्रैफिक में कमी आएगी।
- 2300 करोड़ रुपये की लागत से हरिद्वार में 4 लेन बाइपास फेज 2 का काम 2026 तक काम शुरू किया जाएगा।