केंद्र सरकार ने राजस्थान के उदयपुर जिले में बिजी रहने वाले NH-48 पर ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए 363.89 करोड़ रुपये की लागत से एक नया एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की मंजूरी दे दी है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी जानकारी साझा की है। नितिन गडकरी ने बताया कि ये प्रोजेक्ट खेरवाड़ा कस्बे में उदयपुर–रतनपुर–शामलाजी सेक्शन पर डेवलप किया जाएगा, जो राजस्थान को गुजरात से जोड़ने वाला एक प्रमुख और महत्वपूर्ण रास्ता है। गडकरी ने कहा, ''खेरवाड़ा कस्बे में NH-48 पर 363.89 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण को मंजूरी दी गई है। ये परियोजना स्थानीय निवासियों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करती है।''
स्थानीय और लंबी दूरी वाले ट्रैफिक को अलग करना उद्देश्य
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य स्थानीय और लंबी दूरी वाले ट्रैफिक को अलग करना है, ताकि जाम की समस्या कम हो सके। गडकरी ने कहा कि इस रूट पर उदयपुर और अहमदाबाद के बीच भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, जिसके कारण अक्सर ट्रैफिक जाम रहता है। एलिवेटेड स्ट्रक्चर के जरिए ट्रैफिक को कस्बे से होकर गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे यात्रा में लगने वाला समय कम होगा और मौजूदा सड़कों पर भी दबाव कम होगा। इस प्रोजेक्ट से नेशनल हाईवे पर चिन्हित दुर्घटना संभावित 'ब्लैक स्पॉट्स' का समाधान भी होगा, जिससे सड़क सुरक्षा में काफी सुधार होगा।
पीएम मोदी ने अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 मार्च को अपने गुजरात दौरे पर 5,100 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से बने अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। 109 किलोमीटर लंबे और चार लेन वाले अहमदाबाद-धोलेरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे अहमदाबाद और उभरते धोलेरा क्षेत्र के बीच निर्बाध संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ये एक्सप्रेसवे यात्रा के समय को काफी कम करता है और धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र (DSIR) तथा आगामी धोलेरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंच को सुगम बनाता है।"