1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नोएडा एयरपोर्ट से सीधे जा सकेंगे ताजमहल और मथुरा-वृंदावन, 10 जिलों के लिए चलेंगी नॉन-स्टॉप बसें; यूपी टूरिज्म को मिलेगा बूस्ट!

नोएडा एयरपोर्ट से सीधे जा सकेंगे ताजमहल और मथुरा-वृंदावन, 10 जिलों के लिए चलेंगी नॉन-स्टॉप बसें; यूपी टूरिज्म को मिलेगा बूस्ट!

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Nov 21, 2025 09:02 am IST,  Updated : Nov 21, 2025 09:02 am IST

उत्तर प्रदेश में पर्यटन और कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने वाला बड़ा कदम उठाया गया है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अब ताजमहल, मथुरा-वृंदावन और प्रदेश के कुल 10 प्रमुख जिलों के लिए सीधी बस सेवाएं शुरू की जाएंगी।

नोएडा एयरपोर्ट से...- India TV Hindi
नोएडा एयरपोर्ट से आगरा-मथुरा जाना होगा आसान Image Source : OFFICIAL WEBSITE

उत्तर प्रदेश में पर्यटन और कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलने जा रही है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अब आगरा का ताजमहल हो या मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध मंदिर सब कुछ बस की एक सवारी दूर होगा। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के बीच हुए नए समझौते के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे 10 जिलों के लिए नॉन-स्टॉप बस सेवाएं शुरू होंगी। यह सुविधा न सिर्फ यात्रियों को आसान ट्रैवल ऑप्शन देगा, बल्कि पूरे यूपी के टूरिज्म सेक्टर को बड़ा बूस्ट देने वाली है।

यात्रियों में बढ़ी उत्सुकता

एयरपोर्ट के संचालन से पहले ही इस कदम ने यात्रियों में उत्साह भर दिया है। खासकर उन लोगों में जो दिल्ली-NCR से धार्मिक और ऐतिहासिक जगहों की यात्रा करते हैं। अब उन्हें मथुरा-वृंदावन, आगरा, अलीगढ़, हाथरस या गाजियाबाद पहुंचने के लिए अलग-अलग साधनों की जद्दोजहद नहीं करनी पड़ेगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधी बसें उन्हें सीधे गंतव्य तक पहुंचा देंगी।

10 जिलों तक सीधी पहुंच

यापल और यूपीएसआरटीसी की इस साझेदारी के तहत एयरपोर्ट से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद जैसे NCR शहरों के साथ-साथ आगरा, अलीगढ़, मथुरा-वृंदावन और हाथरस के लिए सीधी बसें चलेंगी। पर्यटन और धार्मिक महत्व वाले इन शहरों तक पहुंचना अब बेहद सरल और सस्ता हो जाएगा। वहीं, हापुड़, बुलंदशहर, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, मुरादाबाद और शिकोहाबाद भी बस रूट से एयरपोर्ट से जुड़ जाएंगे, जिससे यात्रियों को उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों तक तेज और आरामदायक कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

यापल-UPSRTC साझेदारी

यापल के सीईओ क्रिस्टोफ श्नैलमेन ने कहा कि यह साझेदारी राज्य और NCR के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम है। उनके मुताबिक, इन रूट्स पर मिलने वाली नॉन-स्टॉप बसें यात्रियों के समय और खर्च दोनों की बचत करेंगी।

पर्यटकों को बड़ा लाभ

यह व्यवस्था न केवल घरेलू यात्रियों को राहत देगी, बल्कि विदेशी पर्यटकों के लिए भी उत्तर प्रदेश के प्रमुख आकर्षणों जैसे ताजमहल, फतेहपुर सीकरी, मथुरा, वृंदावन और धार्मिक गलियारों तक पहुंच आसान करेगी। इससे राज्य के होटल, टैक्सी, और स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को भी बड़ा फायदा होने की उम्मीद है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा