1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख का ऐलान, सीएम योगी ने प्रधानमंत्री को भेजा पत्र; जानें कब शुरू होंगी फ्लाइट्स?

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख का ऐलान, सीएम योगी ने प्रधानमंत्री को भेजा पत्र; जानें कब शुरू होंगी फ्लाइट्स?

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Mar 18, 2026 01:12 pm IST,  Updated : Mar 18, 2026 01:12 pm IST

उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर 28 मार्च को इसके उद्घाटन का प्रस्ताव दिया है। इससे साफ है कि जेवर एयरपोर्ट का लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों को जल्द ही बड़ी सौगात मिल सकती है।

नोएडा इंटरनेशनल...- India TV Hindi
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोगों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। जेवर में बन रहे देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की औपचारिक तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए 28 मार्च 2026 की तारीख प्रस्तावित की गई है और इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण पत्र भी भेज दिया है। यह खबर न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे एनसीआर (NCR) के लिए नवरात्रि का सबसे बड़ा तोहफा साबित होने वाली है।

आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही DGCA ने इस एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर दिया है। किसी भी एयरपोर्ट के संचालन के लिए यह लाइसेंस बेहद जरूरी होता है। इसका मतलब है कि एयरपोर्ट की सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी सुविधाएं तय मानकों पर खरी उतर चुकी हैं और अब यहां से उड़ान शुरू करने का रास्ता लगभग साफ हो गया है।

देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट में होगा शामिल

जेवर में बन रहा यह एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल होने जा रहा है। इसे कई चरणों में विकसित किया जा रहा है। पहले चरण में ही यह लाखों यात्रियों को सेवा देने में सक्षम होगा। आने वाले समय में इसके विस्तार के साथ इसकी क्षमता और सुविधाएं दोनों बढ़ाई जाएंगी।

NCR और पश्चिमी यूपी को मिलेगा फायदा

इस एयरपोर्ट के शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर और अलीगढ़ समेत आसपास के जिलों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट तक लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा। साथ ही इससे क्षेत्र में रोजगार, निवेश और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कब शुरू होंगी फ्लाइट्स?

हालांकि उद्घाटन की तारीख 28 मार्च प्रस्तावित की गई है, लेकिन फ्लाइट संचालन की सटीक तारीख उद्घाटन के बाद ही तय होगी। माना जा रहा है कि उद्घाटन के कुछ समय बाद यहां से नियमित उड़ानें शुरू हो सकती हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा