1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नोएडा वालों की मौज! सिर्फ ₹50 में पहुंचेंगे जेवर एयरपोर्ट, 15 जून से सड़कों पर दौड़ेंगी डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें

नोएडा वालों की मौज! सिर्फ ₹50 में पहुंचेंगे जेवर एयरपोर्ट, 15 जून से सड़कों पर दौड़ेंगी डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jun 04, 2026 10:43 am IST,  Updated : Jun 04, 2026 10:43 am IST

नोएडा और ग्रेटर नोएडा से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना न केवल आसान होगा, बल्कि बेहद सस्ता भी होगा। नोएडा प्राधिकरण 15 जून से इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने जा रहा है, जिसके तहत यात्री महज 50 रुपये खर्च कर एयरपोर्ट तक सफर कर सकेंगे।

नोएडा की सड़कों पर...- India TV Hindi
नोएडा की सड़कों पर दौड़ेंगी डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें Image Source : UPSRTC

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है क्योंकि जल्द ही जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना ज्यादा आसान और सस्ता होने वाला है। नोएडा प्राधिकरण 15 जून से इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने जा रहा है, जिसके तहत यात्री सिर्फ ₹50 किराया देकर सीधे जेवर एयरपोर्ट तक सफर कर सकेंगे। खास बात यह है कि इस रूट पर आधुनिक डबल-डेकर इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। नोएडा प्राधिकरण ने पहले चरण में करीब 30 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारने की तैयारी पूरी कर ली है। इनमें से 10 बसों को विशेष रूप से जेवर एयरपोर्ट रूट पर चलाया जाएगा। बाकी बसें दिल्ली, गाजियाबाद और अन्य प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि इन बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी।

बॉटनिकल गार्डन से जेवर एयरपोर्ट तक सिर्फ ₹50 किराया

नई बस सेवा का सबसे बड़ा आकर्षण इसका किफायती किराया है। अधिकारियों के अनुसार, बसों का न्यूनतम किराया ₹10 और अधिकतम किराया ₹50 निर्धारित किया गया है। जो यात्री नोएडा के बॉटनिकल गार्डन से सीधे जेवर एयरपोर्ट तक सफर करेंगे, उन्हें केवल ₹50 खर्च करने होंगे। यह बसें नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के जरिए एयरपोर्ट तक जाएंगी।

बसों को चार्ज करने के लिए बन रहे आधुनिक स्टेशन

इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए सेक्टर-90 स्थित डिपो को विकसित किया जा रहा है। यहां पीपीपी मॉडल पर 20 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जहां एक समय में 40 बसों को चार्ज किया जा सकेगा। एक बस को पूरी तरह चार्ज होने में लगभग एक घंटा लगेगा और इसके बाद वह करीब 200 किलोमीटर तक चल सकेगी। फिलहाल पहले चरण में पांच चार्जिंग प्वाइंट तैयार किए जा रहे हैं, जो 10 बसों को चार्ज करने में सक्षम होंगे।

बॉटनिकल गार्डन में भी होगी चार्जिंग सुविधा

सेक्टर-90 डिपो के अलावा सेक्टर-38ए स्थित बॉटनिकल गार्डन में भी चार चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। यहां एक साथ आठ बसों को चार्ज किया जा सकेगा। साथ ही ड्राइवर और कंडक्टरों के लिए डोरमेटरी की व्यवस्था भी की जा रही है। आपको बता दें कि इलेक्ट्रिक बसें शुरू होने से यात्रियों को सस्ता और सुविधाजनक सफर तो मिलेगा ही, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। 15 जून से शुरू होने जा रही यह सेवा खासकर उन लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है जो नियमित रूप से एयरपोर्ट, दिल्ली या गाजियाबाद की यात्रा करते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा