1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अब डोनाल्ड ट्रंप के सहयोगी ने भारत पर बोला हमला, कहा– रूसी तेल खरीद से बढ़ रहा यूक्रेन संकट

अब डोनाल्ड ट्रंप के सहयोगी ने भारत पर बोला हमला, कहा– रूसी तेल खरीद से बढ़ रहा यूक्रेन संकट

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Aug 04, 2025 12:33 pm IST,  Updated : Aug 04, 2025 12:33 pm IST

ट्रंप ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर दोनों देशों के बीच जारी बातचीत में कुछ गतिरोध के संकेतों के बीच भारत पर 25% शुल्क लगाने की घोषणा की है।

Donald Trump - India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप Image Source : PTI

भारत और अमेरिका के रिश्ते लगातार खराब होते जा रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगातार भारत को लेकर गलत बयानबाजी की जा रही है। अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक शीर्ष सहयोगी ने भारत पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह खुद को दुनिया में अमेरिका के सबसे करीबी दोस्तों में से एक बताता है लेकिन हम पर भारी शुल्क लगाता है, इमिग्रेशन नीतियों पर ‘‘धोखा’’ देता है और रूसी तेल खरीदकर यूक्रेन युद्ध का फंडिंग कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर ने ‘फॉक्स न्यूज संडे’ के साथ साक्षात्कार में कहा कि ट्रंप ने बहुत स्पष्ट रूप से कहा है कि भारत का रूस से तेल खरीदकर इस (यूक्रेन के खिलाफ) युद्ध का फंडिंग्जा री रखना स्वीकार्य नहीं है।

चीन के बराबर तेल खरीद रहा भारत

मिलर ने कहा कि लोगों को यह जानकर आश्चर्य होगा कि रूसी तेल खरीदने के मामले में भारत मूलतः चीन के बराबर है। उन्होंने कहा कि यह एक आश्चर्यजनक तथ्य है। मिलर ने कहा कि भारत खुद को दुनिया में हमारे सबसे करीबी दोस्तों में से एक बताता है, लेकिन वे हमारे उत्पादों को स्वीकार नहीं करते, हम पर भारी शुल्क लगाते हैं। हम यह भी जानते हैं कि वे आव्रजन नीतियों में बहुत धोखाधड़ी करते हैं, जो अमेरिकी कामगारों के लिए बहुत नुकसानदेह है। साथ ही, हम एक बार फिर से रूस से तेल की खरीद देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि ट्रंप एक मजबूत संबंध चाहते हैं और भारत तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनके हमेशा से ही मजबूत संबंध रहे हैं, लेकिन अमेरिका को इस (यूक्रेन) युद्ध के वित्तपोषण से निपटने के बारे में वास्तविक रूप से सोचना होगा। 

अमेरिका का व्यापार घाटा बहुत अधिक

मिलर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के पास यूक्रेन में जारी युद्ध से कूटनीतिक, वित्तीय एवं अन्य तरीकों से निपटने के लिए सभी विकल्प मौजूद हैं ताकि हम शांति स्थापित कर सकें और उस युद्ध को समाप्त कर सकें जिसके लिए डेमोक्रेट पार्टी और (पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति) जो बाइडेन जिम्मेदार हैं। ट्रंप ने पिछले सप्ताह कहा था कि भारत के साथ अमेरिका का व्यापार घाटा बहुत अधिक है। उन्होंने कहा कि यद्यपि भारत हमारा मित्र है, परन्तु हमने पिछले कई वर्ष में उनके साथ अपेक्षाकृत कम व्यापार किया है, क्योंकि उनके शुल्क बहुत अधिक हैं जो विश्व में सबसे अधिक हैं। उनके यहां किसी भी देश की तुलना में सबसे कठोर और अप्रिय गैर-मौद्रिक व्यापार बाधाएं हैं।

ट्रंप ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर दोनों देशों के बीच जारी बातचीत में कुछ गतिरोध के संकेतों के बीच भारत पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की है। इसके अलावा ट्रंप ने रूस से सैन्य उपकरण और कच्चा तेल खरीदने के लिए भारत पर अतिरिक्त जुर्माना लगाने का भी फैसला किया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा