1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. जेनसोल पर इस सरकारी कंपनी का 307 करोड़ रुपये बकाया, वसूली के लिए सभी विकल्पों पर विचार कर रही कंपनी

जेनसोल पर इस सरकारी कंपनी का 307 करोड़ रुपये बकाया, वसूली के लिए सभी विकल्पों पर विचार कर रही कंपनी

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Apr 23, 2025 06:45 am IST,  Updated : May 28, 2025 02:29 pm IST

पावर फाइनेंस ने जनवरी, 2023 में जेनसोल इंजीनियरिंग को 633 करोड़ रुपये का कर्ज मंजूर किया था। ये फंडिंग 6000 ईवी खरीदने के लिए दिया गया था।

PFC, power finance corporation, electric car, gensol engineering, blusmart, blusmart electric cabs, - India TV Hindi
कंपनी ने 31 जनवरी तक समय पर किया लोन का भुगतान Image Source : BLUSMART

पब्लिक सेक्टर की पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (PFC) ने मंगलवार को कहा कि वो जेनसोल इंजीनियरिंग से 307 करोड़ रुपये के पेंडिंग बकाये की वसूली के लिए आगे की कार्रवाई करने और ‘सभी संभावित विकल्प टटोलने’ में सक्रिय रूप से जुटी है। कंपनी पर फंड्स की हेराफेरी के आरोप लगने और कंपनी ऑपरेशन में चूक के कारण सेबी की जांच के घेरे में है। पीएफसी ने बयान में कहा कि कर्ज अदायगी का बेहतर रिकॉर्ड दिखाने के लिए फर्जी दस्तावेज जारी करने के संबंध में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) में कंपनी के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

पीएफसी ने जनवरी, 2023 में मंजूर किया था 633 करोड़ रुपये का कर्ज

पावर फाइनेंस ने जनवरी, 2023 में जेनसोल इंजीनियरिंग को 633 करोड़ रुपये का कर्ज मंजूर किया था। ये फंडिंग 6000 ईवी खरीदने के लिए दिया गया था। इसके तहत ब्लूस्मार्ट मॉबिलिटी की ‘ऑनलाइन’ कार बुकिंग सर्विस के लिए लीज पर देने के लिए 5000 इलेक्ट्रिक कार खरीद को लेकर 587 करोड़ रुपये और कार्गो ऑपरेशन के लिए 1000 इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर की खरीद को लेकर 46 करोड़ रुपये मंजूर किए गए थे। हालांकि, कंपनी के अनुसार थ्री-व्हीलर के लिए कर्ज का लाभ नहीं उठाया गया। पीएफसी ने इलेक्ट्रिक कार के लिए स्वीकृत 587 करोड़ रुपये के लोन में से ब्लूस्मार्ट मॉबिलिटी को 3000 इलेक्ट्रिक गाड़ियां पट्टे पर देने के लिए जेनसोल को 352 करोड़ रुपये वितरित किए थे।

कंपनी ने 31 जनवरी तक समय पर किया लोन का भुगतान

कंपनी ने बताया कि लोन का रीपेमेंट शुरू हो गया था और कंपनी ने 45 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। इससे 18 अप्रैल, 2025 की स्थिति के अनुसार कंपनी पर 307 करोड़ रुपये का मूल बकाया रह गया। पीएफसी ने कहा, “जेनसोल 31 जनवरी, 2025 तक नियमित रूप से अपने बकाये का भुगतान कर रही थी। वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में पीएफसी ने फरवरी और मार्च 2025 के बकाये को चुकाने के लिए ऋण सेवा आरक्षित खाता (DSRA) का इस्तेमाल किया।’’ कंपनी ने कहा कि इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए सक्रिय रूप से प्रयास के साथ सभी संभावित विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।

पीएफसी के पास जेनसोल के इक्विटी शेयर 

पीएफसी द्वारा नियुक्त की गई थर्ड पार्टी एजेंसियों ने पुष्टि की है कि 2741 गाड़ियां कंपनी को दिए गए और इन्हें पब्लिक सेक्टर की कंपनी के पास ‘बंधक’ रखा गया है। इसके अलावा, कंपनी ने कहा कि जेनसोल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड की कॉरपोरेट गारंटी और प्रवर्तकों की व्यक्तिगत गारंटी के तौर पर पीएफसी के पास जेनसोल के इक्विटी शेयर और गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) रखे हुए हैं।

पीटीआई इनपुट्स के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा