1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. शेयर बाजार की बंपर ओपनिंग, सेंसेक्स 1400 तो निफ्टी 400 अंक उछला; दिवाली से पहले निवेशकों की दौलत ₹10 लाख करोड़ बढ़ी

शेयर बाजार की बंपर ओपनिंग, सेंसेक्स 1400 तो निफ्टी 400 अंक उछला; दिवाली से पहले निवेशकों की दौलत ₹10 लाख करोड़ बढ़ी

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Nov 05, 2026 09:35 am IST,  Updated : Nov 05, 2026 09:35 am IST

भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को बंपर शुरुआत की है। चौतरफा खरीदारी और भारी लिवाली के दम पर बाजार खुलते ही रॉकेट बन गया। बैंकिंग, ऑटो, आईटी और रियल्टी सेक्टर्स में आई तूफानी तेजी ने निवेशकों की दिवाली को और भी ज्यादा रोशन कर दिया है।

शेयर बाजार की बंपर...- India TV Hindi
शेयर बाजार की बंपर ओपनिंग Image Source : ANI / CANVA

भारतीय शेयर बाजार में धनतेरस से पहले जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। आज की शुरुआत निवेशकों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं रही। बाजार खुलते ही सेंसेक्स 1,400 अंकों से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी में भी करीब 400 अंकों की जोरदार तेजी दर्ज की गई। इस बंपर तेजी ने निवेशकों की दौलत में भी जबरदस्त इजाफा कर दिया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप एक ही झटके में करीब 10 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। आंकड़ों के मुताबिक, कंपनियों का कुल मार्केट कैप पिछले कारोबारी सत्र के 4,90,48,312 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,00,14,734 करोड़ रुपये पहुंच गया। यानी बाजार की इस तेजी में निवेशकों की संपत्ति में करीब 9.66 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। वहीं, इंडिगो के शेयरों में भी करीब 6 फीसदी की तेजी देखने को मिली।

कारोबार की शुरुआत में बीएसई सेंसेक्स 1,429.55 अंक यानी 1.85 प्रतिशत की भारी-भरकम छलांग लगाकर 78,730.95 के स्तर पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 403.55 अंक यानी 1.68 प्रतिशत उछलकर 24,364.15 के उच्च स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती घंटे में बाजार की चाल काफी मजबूत रही,, जहां 2,099 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि महज 397 शेयर गिरावट में रहे और 107 शेयर बिना किसी बदलाव के खुले।

ऑटो, सीमेंट और बैंकिंग सेक्टर्स में तूफानी तेजी

आज के शुरुआती कारोबार में लगभग सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में झूमते नजर आए। सीमेंट इंडेक्स 2.84% और निफ्टी ऑटो इंडेक्स 2.40% चढ़कर कारोबार की अगुवाई करते नजर आए। वहीं, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 2.38%, निफ्टी रियल्टी में 2.16%, और निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.94% का उछाल रहा। इसके साथ ही निफ्टी बैंक भी 1.83% चढ़कर 56,937.50 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.78% की बढ़त बनाने में सफल रहा, जबकि निफ्टी मीडिया में 1.62% और निफ्टी मेटल में 1.12% की तेजी आई। केवल निफ्टी फार्मा (-0.20%) और निफ्टी हेल्थकेयर (-0.33%) में हल्की सुस्ती देखने को मिली।

इंडिगो का शेयर 6% से ज्यादा भागा, एशियन पेंट्स भी चमका

निफ्टी 50 के लगभग सभी दिग्गज शेयर आज हरे निशान की चमक के साथ कारोबार कर रहे हैं। इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) 6.60% की रिकॉर्ड उछाल के साथ ₹5,480.00 पर पहुंचकर टॉप गेनर बना। इसके अलावा एशियन पेंट्स (+4.62%), श्रीराम फाइनेंस (+3.44%), एचडीएफसी बैंक (+3.16%), कोटक बैंक (+2.84%), और बजाज फाइनेंस (+2.62%) में भी तूफानी लिवाली दर्ज की गई। आईसीआईसीआई बैंक (+2.38%) और मारुति सुजुकी (+2.37%) ने भी बढ़त दर्ज की। सुस्त प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा शेयरों में डॉ. रेड्डीज लैब्स, सिप्ला, कोल इंडिया, भारती एयरटेल और ओएनजीसी (-1.06%) शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- Razorpay लाएगा 6000 करोड़ रुपये तक का आईपीओ, SEBI से मिली मंजूरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।