मशहूर पिज्जा चेन Pizza Hut की पैरेंट कंपनी Yum Brands ने बीते मंगलवार को घोषणा की कि वह इस ब्रांड की बिक्री या अन्य संभावित विकल्पों पर विचार करने के लिए एक औपचारिक रणनीतिक समीक्षा प्रक्रिया शुरू कर रही है। इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के मुताबिक, कंपनी का कहना है कि यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब पिज्जा हट को बढ़ती बाज़ार प्रतिस्पर्धा और बदलते उपभोक्ता रुझानों से निपटने में कठिनाइयां हो रही हैं।
Related Stories
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़त, लेकिन अमेरिका में सुस्ती
Yum Brands के सीईओ क्रिस टर्नर ने कहा कि पिज्जा हट की कई मजबूत विशेषताएं हैं- इसका वैश्विक नेटवर्क, मजबूत ब्रांड पहचान और कई बाजारों में स्थिर वृद्धि। वर्तमान में Pizza Hut के 100 से अधिक देशों में करीब 20,000 स्टोर हैं, और इस साल के पहले नौ महीनों में इसकी अंतरराष्ट्रीय बिक्री 2% बढ़ी है। हालांकि, कंपनी की करीब आधी आमदनी अमेरिकी बाजार से आती है, जहां इसके 6,500 आउटलेट्स हैं। टर्नर के अनुसार, अमेरिका में इसी अवधि में बिक्री में 7% की गिरावट दर्ज की गई है। कई वर्षों से पिज्जा हट अपने पारंपरिक डाइन-इन रेस्टोरेंट मॉडल के कारण संघर्ष कर रहा है, जबकि उपभोक्ता अब तेज डिलीवरी और ऑनलाइन ऑर्डरिंग सेवाओं की ओर रुख कर रहे हैं।
घटती हिस्सेदारी और बीते संकट
साल 2020 में पिज्जा हट के एक बड़े फ्रैंचाइज़ी पार्टनर ने दिवालिया घोषित किया, जिसके बाद लगभग 300 स्टोर्स बंद करने पड़े। फूड कंसल्टिंग फर्म Technomic के अनुसार, अमेरिकी पिज़्ज़ा मार्केट में पिज्जा हट की हिस्सेदारी 2019 में 19.4% से घटकर अब 15.5% रह गई है। क्रिस टर्नर ने कहा कि पिज्जा हट की टीम बिज़नेस से जुड़ी चुनौतियों को दूर करने के लिए मेहनत कर रही है, लेकिन मौजूदा प्रदर्शन बताता है कि ब्रांड की पूरी क्षमता का उपयोग करने के लिए अतिरिक्त कदम उठाने जरूरी हैं। यह लक्ष्य शायद यम ब्रांड्स के बाहर बेहतर तरीके से हासिल किया जा सके।
उन्होंने कहा कि रणनीतिक विकल्पों की समीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, हालांकि इसके पूरा होने की कोई तय समयसीमा नहीं है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि समीक्षा पूरी होने तक इस पर कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं की जाएगी।
यम ब्रांड्स के शेयरों में उछाल
घोषणा के बाद मंगलवार दोपहर तक यम ब्रांड्स के शेयर लगभग 7% तक चढ़ गए। कंपनी के पास KFC, Taco Bell और Habit Burger & Grill जैसे लोकप्रिय ब्रांड भी हैं। तीसरी तिमाही में कंपनी का राजस्व 8% बढ़ा, जिसमें KFC और Taco Bell की मजबूत बिक्री ने अहम भूमिका निभाई।
Pizza Hut की सफलता की कहानी
पिज्जा हट की शुरुआत 1958 में अमेरिकी राज्य कान्सास के विचिटा शहर में दो भाइयों ने की थी। उन्होंने अपनी मां से 600 डॉलर उधार लेकर पहला स्टोर खोला, और “Pizza Hut” नाम इसलिए चुना क्योंकि साइनबोर्ड पर सिर्फ आठ अक्षरों की जगह थी। 1969 में कंपनी का प्रसिद्ध ‘रेड रूफ’ लोगो सामने आया और 1971 तक पिज्जा हट दुनिया की सबसे बड़ी पिज़्ज़ा चेन बन गई। PepsiCo ने 1977 में इसे खरीदा, और 1997 में अपनी रेस्टोरेंट डिवीजन को अलग कर Yum Brands के रूप में स्थापित किया।