1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा तक मेट्रो चलाने की प्लानिंग, NMRC ने तेज की कार्यवाही

बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा तक मेट्रो चलाने की प्लानिंग, NMRC ने तेज की कार्यवाही

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 20, 2025 01:11 pm IST,  Updated : Aug 20, 2025 01:11 pm IST

NMRC के सेक्टर 142 को DMRC के बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशनों को जोड़ने वाले नए रूट के लिए केंद्र सरकार के साथ मीटिंग हो चुकी है।

dmrc, nmrc, delhi metro, noida metro, botanical garden, noida, greater noida, greater noida west, no- India TV Hindi
सेक्टर 142 को बॉटेनिकल गार्डन से जोड़ने वाले प्रोजेक्ट के लिए केंद्र के साथ हो चुकी है मीटिंग Image Source : NMRC

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर आ रही है। दिल्ली मेट्रो के बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन को ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और बोड़ाकी से जोड़ने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसके साथ ही, नोएडा सेक्टर 142 से बॉटेनिकल गार्डन के लिए भी नए रूट पर विचार किया जा रहा है। नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) इन सभी रूट के लिए गंभीरता से विचार कर रहा है। NMRC ने इन नए रूट पर मेट्रो सेवाएं शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए डिटेल डिजाइन एडवाइजर चुनने के लिए टेंडर भी निकाल दिया है।

सेक्टर 142 को बॉटेनिकल गार्डन से जोड़ने वाले प्रोजेक्ट के लिए केंद्र के साथ हो चुकी है मीटिंग

लाइव हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अभी तक सिर्फ बोड़ाकी रूट के लिए ही केंद्र सरकार से मंजूरी मिली है। NMRC के सेक्टर 142 को DMRC के बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशनों को जोड़ने वाले नए रूट के लिए केंद्र सरकार के साथ मीटिंग भी हो चुकी है। अब अगले चरण में कैबिनेट में इस प्रोजेक्ट का प्रस्ताव रखा जाएगा। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद इस प्रोजेक्ट को शुरू करने पर काम किया जा सकेगा। हालांकि, नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट रूट के लिए अभी तक मीटिंग नहीं हो पाई है और ऐसा माना जा रहा है कि इसमें अभी लंबा समय लग सकता है।

नोएडा में इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक जाती है दिल्ली मेट्रो

नोएडा में NMRC के साथ ही दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) भी सेवाएं देता है। दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन द्वारका सेक्टर 21 से नोएडा सेक्टर 62 में स्थित इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक जाती है। ये लाइन नोएडा सेक्टर 16, सेक्टर 18, बॉटेनिकल गार्डन, नोएडा सिटी सेंटर, सेक्टर 52 जैसे प्रमुख जगहों से होकर गुजरती है। दिल्ली मेट्रो के ब्लू लाइन पर स्थित सेक्टर 52 मेट्रो स्टेशन से नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के सेक्टर 51 मेट्रो स्टेशन पर पहुंचा जा सकता है। नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का रूट सेक्टर 51 से ही शुरू होता है और सेक्टर 142, नॉलेज पार्क 2, परी चौक से होते हुए डिपो स्टेशन तक जाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा