1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पीएम मोदी 8 अक्टूबर को करेंगे नवी मुंबई एयरपोर्ट का उद्घाटन, इस समाजसेवी के नाम से जाना जाएगा हवाई अड्डा

पीएम मोदी 8 अक्टूबर को करेंगे नवी मुंबई एयरपोर्ट का उद्घाटन, इस समाजसेवी के नाम से जाना जाएगा हवाई अड्डा

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 04, 2025 02:52 pm IST,  Updated : Oct 04, 2025 02:52 pm IST

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कुल 5 चरणों में डेवलप किया जाएगा। इसमें अडाणी ग्रुप की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है। बाकी 26 प्रतिशत हिस्सा महाराष्ट्र सरकार के भूमि विकास प्राधिकरण सिडको के पास है।

navi mumbai international airport, airport, mumbai airport, mumbai international airport, Loknete DB- India TV Hindi
5 चरणों में डेवलप किया जाएगा नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट Image Source : HTTPS://X.COM/JEET_ADANI1

Loknete DB Patil Navi Mumbai International Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार, 8 अक्टूबर को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। एयरपोर्ट को 30 सितंबर को विमानन सुरक्षा नियामक DGCA से एयरपोर्ट लाइसेंस मिला था। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा था कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम दिवंगत नेता और सामाजिक कार्यकर्ता डीबी पाटिल के नाम पर रखा जाएगा। पाटिल को उनके काम को लेकर व्यापक रूप से सराहा गया था क्योंकि उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि क्षेत्र में परियोजना से प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा मिले।

केंद्र ने दी एयरपोर्ट का नाम बदलने की अनुमति

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘‘एयरपोर्ट के निर्माण की अनुमति देते समय, केंद्र ने ‘नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ नाम को मंजूरी दी थी। प्रस्तावित नाम परिवर्तन के साथ, अब इसे आधिकारिक तौर पर ‘लोकनेते डीबी पाटिल नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ के नाम से जाना जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।’’ 

5 चरणों में डेवलप किया जाएगा नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट

बताते चलें कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कुल 5 चरणों में डेवलप किया जाएगा। इसमें अडाणी ग्रुप की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है। बाकी 26 प्रतिशत हिस्सा महाराष्ट्र सरकार के भूमि विकास प्राधिकरण सिडको के पास है। सिडको के वाइस चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर विजय सिंघल ने शनिवार को बताया कि प्रधानमंत्री 8 अक्टूबर को दोपहर 2.40 बजे एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे और ये दिसंबर से चालू हो जाएगा। 

पूरी तरह से तैयार होने के बाद हर साल 9 करोड़ यात्रियों को मैनेज करेगा एयरपोर्ट

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट मुंबई महानगर क्षेत्र का दूसरा हवाई अड्डा होगा और इसका कोड 'NMI' है। इसके प्रारंभिक चरण में हर साल 2 करोड़ यात्रियों और 5 लाख टन कार्गो संभालने का अनुमान है। पूरी तरह से बनकर तैयार होने के बाद ये हवाई अड्डा सालाना 9 करोड़ यात्रियों को सेवाएं देगा और हर साल 32 लाख टन कार्गो को मैनेज करेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा