1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. रुपये की दहाड़! डॉलर के सामने 33 पैसे मजबूत हुआ भारतीय करेंसी, जानें क्या हैं इसके मायने?

रुपये की दहाड़! डॉलर के सामने 33 पैसे मजबूत हुआ भारतीय करेंसी, जानें क्या हैं इसके मायने?

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Apr 21, 2025 12:19 pm IST,  Updated : Apr 21, 2025 12:19 pm IST

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार मजबूत हो रहा है। यह भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए अच्छी खबर है।

Rupee Jumps - India TV Hindi
रुपये की दहाड़ Image Source : FILE

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती का सिलसिला जारी है। आज एक बार फिर रुपये ने लंबी छलांग लगाई। आपको बता दें कि ट्रंप के विभिन्न देशों पर लगाए गए आयात शुल्क के बाद डॉलर सूचकांक के तीन साल के निचले स्तर पर पहुंचने के कारण रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 33 पैसे की बढ़त के साथ 85.05 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और विदेशी पूंजी प्रवाह से निवेशकों की धारणा को बल मिला। व्यापारियों ने कहा कि घरेलू संकेतकों में उत्साहवर्धक सुधार तथा वैश्विक परिस्थितियों में बदलाव के कारण पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में भारतीय रुपये में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे रुपया मजबूत बना हुआ है, जबकि प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में अनिश्चितता का माहौल है।

गुरुवार को भी मजबूत हुआ था  

इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपया 85.15 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 85.05 पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 33 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 26 पैसे मजबूत होकर 85.38 पर बंद हुआ था। शुक्रवार को ‘गुड फ्राइडे’ के कारण विदेशी मुद्रा बाजार बंद था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.92 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.31 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 1.47 प्रतिशत गिरकर 66.96 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 482.87 अंक चढ़कर 79,036.07 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 146.85 अंक बढ़कर 23,998.50 पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध आधार पर 4,667.94 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। 

रुपये मजबूत होने से भारत को क्या होगा फायदा? 

रुपये में मजबूती से भारत को आयात बिल कम होगा। रुपया मजबूत होने से पेट्रोल, डीजल, गैस जैसे ईंधन सस्ते हो सकते हैं। मोबाइल, लैपटॉप, गाड़ियां और दूसरी विदेशी चीजों की कीमत कम होंगी। कुल मिलाकर महंगाई में कमी आएगी। सरकार और कंपनियों को अगर विदेशी मुद्रा में लोन लेना या चुकाना हो, तो मजबूत रुपया इस बोझ को हल्का करता है। विदेश घूमना (Tourism) और विदेशों में पढ़ाई करने वाले छात्रों का खर्च कम होगा। निवेशकों का भरोसा भारतीय अर्थव्यव्स्था पर बढ़ेगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा