1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अडानी ग्रुप मामले पर सेबी का सामने आया बयान, सुप्रीम कोर्ट को दे दी बड़ी जानकारी

अडानी ग्रुप मामले पर सेबी का सामने आया बयान, सुप्रीम कोर्ट को दे दी बड़ी जानकारी

 Published : Feb 14, 2023 03:04 pm IST,  Updated : Feb 14, 2023 03:04 pm IST

सेबी ने सुप्रीम कोर्ट को अडाणी समूह के खिलाफ अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों को लेकर बड़ी जानकारी दी है। आज उसका असर कंपनी के शेयर पर भी देखने को मिल रहा है।

SEBI's statement came out on the Adani Group case- India TV Hindi
अडानी ग्रुप मामले पर सेबी का सामने आया बयान Image Source : FILE

SEBI's statement Adani Group: शेयर बाजार नियामक सेबी(SEBI) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि वह नियमों के किसी भी उल्लंघन की पहचान के लिए अडाणी समूह के खिलाफ अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों के साथ-साथ रिपोर्ट जारी होने के तुरंत पहले और बाद की बाजार गतिविधियों की जांच कर रहा है । भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने न्यायालय से यह भी कहा कि उसके पास अनवरत कारोबार सुनिश्चित करने और शेयर बाजार में अस्थिरता से निपटने के लिए मजबूत ढांचा है। सेबी ने दावा किया कि विकसित प्रतिभूति बाजार दुनिया भर में शॉर्ट सेलिंग को ‘वैध निवेश गतिविधि’ के रूप में मानते हैं। सेबी ने अडाणी समूह के शेयरों में भारी गिरावट के बाद दर्ज दो जनहित याचिकाओं (पीआईएल) पर सोमवार को सुनवाई कर रही प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) डी वाई चंद्रचूड की अध्यक्षता वाली पीठ को बताया कि वह सेबी नियमों, शॉर्ट सेलिंग के नियमों के उल्लंघन की जांच के लिए “हिंडनबर्ग के आरोपों और रिपोर्ट जारी होने से ठीक पहले और ठीक बाद की बाजार की गतिविधि दोनों की जांच कर रहा है। 

इसका शेयर बाजार पर ज्यादा प्रभाव नहीं

सेबी ने कहा कि हाल ही में अडाणी समूह के शेयरों में भारी गिरावट से शेयर बाजार पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा है। भारतीय बाजार इससे पहले और भी बुरी अस्थिरता देख चुका है, विशेषकर कोरोना महामारी के समय, जब दो मार्च, 2020 से 19 मार्च, 2020 (13 कारोबारी दिवस) के बीच निफ्टी लगभग 26 प्रतिशत गिर गया था। बाजार अस्थिरता को देखते हुए सेबी ने 20 मार्च, 2020 को अपने मौजूदा बाजार तंत्र की समीक्षा की थी और कुछ बदलाव किए थे।

अडानी ग्रुप के शेयर पर पड़ा असर

अडाणी ग्रुप की कंपनियों के प्रति बाजार में नकारात्मक धारणों के बीच उनके शेयरों में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी गिरावट जारी है। सुबह के सत्र में अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर बीएसई में 4.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,633.5 रुपये प्रति शेयर पर रह गए। ग्रुप की कुछ अन्य कंपनियां भी अपने निचले स्तर पर पहुंच गईं। अडाणी पावर का शेयर गिरकर 148.30 रुपये रह गया तो अडाणी ट्रांसमिशन का शेयर टूटकर 1,070.55 रुपये, अडाणी ग्रीन एनर्जी गिरकर 653.40 रुपये और अडाणी टोटल गैस के शेयर टूटकर 1,135.60 रुपये रह गए। इसी तरह अडाणी विल्मर के शेयर गिरकर 393.60 रुपये प्रति शेयर पर रह गए जबकि एनडीटीवी के शेयर 188.35 रुपये रह गए। इन सभी कंपनियों के शेयरों में पांच-पांच प्रतिशत की गिरावट आई है। अंबुजा सीमेंट के शेयर बीएसई पर 4.04 प्रतिशत गिरकर 328.55 रुपये, एसीसी के शेयर 2.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,786.75 रुपये और अडाणी पोर्ट्स एंड विशेष आर्थिक क्षेत्र (एपीएसईजेड) के शेयर 1.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 546.70 रुपये प्रति शेयर पर रह गए। सुबह के सत्र में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 295.3 अंक या 0.49 प्रतिशत की मजबूती के साथ 60,727.14 पर कारोबार कर रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा