1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Share Market में छह दिन से जारी तेजी का सिलसिला थमा, सेसेक्स 306 अंक टूटकर 56,000 अंक से नीचे बंद

Share Market में छह दिन से जारी तेजी का सिलसिला थमा, सेसेक्स 306 अंक टूटकर 56,000 अंक से नीचे बंद

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jul 25, 2022 05:02 pm IST,  Updated : Jul 25, 2022 05:02 pm IST

Share Market: कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी शोध (खुदरा) प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, निवेशकों की वाहन, तेल एवं गैस और दूरसंचार शेयरों में मुनाफावसूली से घरेलू शेयर बाजार में पिछले छह कारोबारी सत्रों से जारी तेजी थम गई।

Share Market - India TV Hindi
Share Market Image Source : PTI

Highlights

  • सेंसेक्स 306अंक के नुकसान के साथ 55,766.22 अंक पर बंद हुआ
  • निफ्टी भी 88.45 अंक की गिरावट के साथ 16,631 अंक पर बंद हुआ
  • ब्रेंट क्रूड 1.24 प्रतिशत चढ़कर 104.52 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया

Share Market में सोमवार को पिछले छह कारोबारी सत्रों से जारी तेजी के सिलसिले पर ब्रेक लगा और सेंसेक्स 306 अंक टूटकर 56,000 अंक के स्तर से नीचे बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में गिरावट और विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी से बाजार नीचे आया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 306.01 अंक यानी 0.55 प्रतिशत के नुकसान के साथ 55,766.22 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 535.15 अंक तक गिर गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 88.45 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,631 अंक पर बंद हुआ।

मुनाफावसूली से तेजी थम गई

कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी शोध (खुदरा) प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, निवेशकों की वाहन, तेल एवं गैस और दूरसंचार शेयरों में मुनाफावसूली से घरेलू शेयर बाजार में पिछले छह कारोबारी सत्रों से जारी तेजी थम गई। अमेरिकी केंद्रीय बैंक की बुधवार को बैठक से पहले निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं।’’ सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर में सबसे अधिक 3.80 प्रतिशत की गिरावट आई। रिलायंस इंडरस्ट्रीज का शेयर 3.31 प्रतिशत नीचे आया। मारुति सुजुकी इंडिया, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा और नेस्ले के शेयर भी नुकसान में रहे। वहीं दूसरी तरफ टाटा स्टील, इंडसइंड बैंक, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, विप्रो और एनटीपीसी के शेयर लाभ के साथ बंद हुए।

वैश्विक बाजार में भी गिरावट

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, हांगकांग का हैंगसेंग तथा चीन का शंघाई कंपोजिट नुकसान में रहे, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजार दोपहर के कारोबार में मजबूत थे। अमेरिका के बाजार शुक्रवार को गिरावट लेकर बंद हुए थे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.24 प्रतिशत चढ़कर 104.52 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक शुक्रवार को शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने 675.45 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

रुपया 14 पैसे मजबूत होकर बंद

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गिरती कीमत को लेकर परेशान रुपया सोमवार को 14 पैसे की तेजी के साथ 79.76 (अस्थायी) के भाव पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 79.86 के भाव पर खुला। कारोबार के दौरान रुपये ने 79.70 के ऊंचे और 79.87 के निचले स्तर को भी छुआ। हालांकि, कारोबार के अंत में रुपया 79.76 (अस्थायी) के भाव पर बंद हुआ जो पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 14 पैसे की मजबूती दिखाता है। पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 79.90 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ था। दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.38 प्रतिशत गिरकर 106.32 पर रहा। इससे भी रुपये को थोड़ा समर्थन मिला। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार के मुताबिक, भारतीय रुपये ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कारोबारी सप्ताह की शुरुआत मजबूती के साथ की है। इसमें कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और क्षेत्रीय मुद्राओं में आई मजबूती का भी योगदान रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा