मिडिल-ईस्ट में हालात सुधरने की उम्मीदों के बीच सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव में 3 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही है, जिसके बाद कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई हैं। घरेलू वायदा बाजार MCX पर कच्चे तेल का भाव 3.50 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।
MCX पर कच्चे तेल के भाव में 3.5 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट
MCX पर 19 नवंबर की डिलीवरी वाला कच्चा तेल 3.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 9586.00 रुपये प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर और कमोडिटी मार्केट के दिग्गज अजय केडिया ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतें पिछले कई हफ्तों के उच्चतम स्तर से नीचे खिसक गई हैं। निवेशकों ने एक तरफ मध्य-पूर्व के संघर्ष को खत्म करने के लिए चल रही राजनयिक कोशिशों पर ध्यान दिया, तो दूसरी तरफ ईरान के खिलाफ अमेरिका की ओर से फिर से सैन्य कार्रवाई होने के डर पर भी विचार किया।
कतर और ईरान के अधिकारियों के बीच लगातार तीसरे दिन जारी रही बातचीत
अजय केडिया के मुताबिक, कतर और ईरान के अधिकारियों ने लगातार तीसरे दिन बातचीत जारी रखी। वे इस हफ्ते होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनावों से पहले, ईरान को लेकर चल रहे अमेरिका-इजरायल संघर्ष को खत्म करने के लिए किसी समझौते पर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर कोई नया हमला होता है, तो वे पड़ोसी देशों में मौजूद अमेरिकी और इजरायली ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई करेंगे।
चुनावों से पहले ईरान पर कोई नया हमला नहीं करेगा अमेरिका
इसी बीच, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका चुनावों से पहले ईरान पर कोई नया हमला नहीं करेगा। इसके अलावा, ओपेक+ (OPEC+) ने वीकेंड पर ये सहमति जताई है कि वे दिसंबर तक अपने मौजूदा उत्पादन लक्ष्यों को बनाए रखेंगे।
100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचा WTI Crude का भाव
oilprice.com के मुताबिक, सोमवार को भारतीय समयानुसार सुबह लगभग 10:30 बजे WTI Crude की कीमतें 3.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.81 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर कारोबार कर रही थीं। इसके अलावा, Brent Crude का भाव 3.01 प्रतिशत गिरकर 110.02 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। जबकि, Murban Crude की कीमतें बिना किसी बदलाव के 114.81 डॉलर प्रति बैरल पर थीं।
ये भी पढ़ें
बेहिसाब किराया नहीं बढ़ा पाएंगी एयरलाइन कंपनियां, सरकार ने अधिसूचित किए नए नियम