1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. MCX पर 2.42 लाख रुपये हुई चांदी की कीमत, एक ही हफ्ते में 31,348 रुपये महंगा हुआ सिल्वर

MCX पर 2.42 लाख रुपये हुई चांदी की कीमत, एक ही हफ्ते में 31,348 रुपये महंगा हुआ सिल्वर

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Dec 27, 2025 11:13 pm IST,  Updated : Dec 27, 2025 11:13 pm IST

19 दिसंबर के बाद से चांदी की कीमत 31,348 रुपये यानी 15.04 प्रतिशत बढ़ी। इस दौरान तेज उतार-चढ़ाव के बीच कारोबारियों की आक्रामक खरीदारी देखने को मिली।

silver, silver price, silver price today, silver rate, silver price on mcx, spot silver price, mcx, - India TV Hindi
इस साल चांदी की कीमतों में 175 प्रतिशत की जोरदार तेजी Image Source : FREEPIK

Silver Price: चांदी की कीमतों में पिछले हफ्ते 15 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आई और वायदा बाजार में इसकी कीमत 2.42 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। ये उछाल जबरदस्त इंड्रस्ट्रियल डिमांड, अगले साल अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों और सप्लाई में समस्याओं की बढ़ती चिंताओं की वजह से आया। घरेलू बाजार में आई इस तेजी का असर ग्लोबल मार्केट में भी दिखा, जहां चांदी एक ही दिन में 11 प्रतिशत से ज्यादा उछलकर 79.70 डॉलर प्रति औंस के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई।

MCX पर 2,42,000 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा भाव

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर लगातार पांचवें दिन बढ़त दर्ज करते हुए मार्च 2026 की डिलीवरी वाली चांदी 18,210 रुपये यानी 8.14 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,42,000 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। हालांकि, बाद में ये 2,39,787 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। क्रिसमस की छुट्टी के कारण 4 कारोबारी सत्र वाले इस हफ्ते में 19 दिसंबर के बाद से चांदी की कीमत 31,348 रुपये यानी 15.04 प्रतिशत बढ़ी। इस दौरान तेज उतार-चढ़ाव के बीच कारोबारियों की आक्रामक खरीदारी देखने को मिली। 

इस साल चांदी की कीमतों में 175 प्रतिशत की जोरदार तेजी

साल 2025 में चांदी ने शानदार रिटर्न दिया है। इसकी कीमत 31 दिसंबर 2024 को 87,233 रुपये प्रति किलोग्राम थी और तब से इसमें 1,52,554 रुपये प्रति किलोग्राम यानी लगभग 175 प्रतिशत चढ़ चुकी है। मेहता इक्विटीज में कमोडिटी के वाइस प्रेसिडेंट राहुल कलंत्री ने कहा कि चांदी का कारोबार अब सिर्फ सोने जैसी कीमती धातु के रूप में नहीं हो रहा। जबरदस्त प्रदर्शन वाली टेक्नोलॉजी में इसकी अनिवार्य भूमिका, उपलब्ध भंडार में कमी और इंडस्ट्रियल डिमांड इसके बुनियादी कारकों को नया रूप दे रही है।

कॉमेक्स पर 79 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंची चांदी

इसी बीच कॉमेक्स पर चांदी वायदा पहली बार 79 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गया। मार्च 2026 का सौदा 8.02 डॉलर यानी 11.2 प्रतिशत बढ़कर 79.70 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, हालांकि बाद में ये 77.19 डॉलर पर बंद हुआ। कलंत्री ने आगे कहा कि मजबूत औद्योगिक खपत, एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड में लगातार निवेश, अच्छी भौतिक मांग और निवेशकों के इक्विटी से जिंस की ओर बढ़ते रुख के कारण कीमतों को अच्छा समर्थन मिला हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा