1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. ग्रेटर नोएडा में बनेगा यूपी का पहला डबल डेकर एलिवेटेड रोड, एकमूर्ति चौक से शाहबेरी तक तैयार होगा कॉरिडोर, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा

ग्रेटर नोएडा में बनेगा यूपी का पहला डबल डेकर एलिवेटेड रोड, एकमूर्ति चौक से शाहबेरी तक तैयार होगा कॉरिडोर, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Sep 04, 2026 12:35 pm IST,  Updated : Sep 04, 2026 12:49 pm IST

ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश का पहला डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। इस परियोजना को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में मंजूरी मिल गई है।

ग्रेटर नोएडा में डबल...- India TV Hindi
ग्रेटर नोएडा में डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनेगा Image Source : INDIA TV

ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए कनेक्टिविटी के लिहाज से बड़ी खबर सामने आई है। शहर में उत्तर प्रदेश का पहला डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाने की प्लानिंग को मंजूरी मिल गई है। यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट एकमूर्ति चौक से शाहबेरी तक बनेगा और आगे इसे मेरठ एक्सप्रेसवे यानी NH-9 से जोड़ा जाएगा। इस कॉरिडोर के तैयार होने के बाद ग्रेटर नोएडा से दिल्ली और मेरठ की ओर आने-जाने में काफी आसानी होने की उम्मीद है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में इस परियोजना से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी के मुताबिक, यह प्रदेश की पहली डबल डेकर एलिवेटेड रोड होगी। परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए नोएडा और यमुना प्राधिकरण की सहमति भी ली जाएगी। करीब 5.75 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में एकमूर्ति चौक से शाहबेरी तक तीन लेन का डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। इसके बाद शाहबेरी नाले से आगे NH-9 तक छह लेन का सिंगल एलिवेटेड रोड प्रस्तावित है।

1280 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण

पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 1280 करोड़ रुपये है। परियोजना का खर्च यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण, नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और जीडीए मिलकर समान रूप से वहन करेंगे। डबल डेकर हिस्से पर करीब 756.01 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस सड़क के बनने से ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर चौड़ी सड़क सीधे मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगी। इससे दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ की तरफ जाने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा के लिए एक और महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट को भी मंजूरी मिली है। शहर की 105 मीटर चौड़ी सड़क को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। जुनपत गांव के पास से एक्सप्रेसवे तक करीब 12 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क के रास्ते में रेलवे लाइन, ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की लिंक लाइन और जीटी रोड आएंगे। इनके ऊपर तीन ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। सड़क को 10 लेन और चार सर्विस लेन के रूप में विकसित करने की योजना है। इन दोनों परियोजनाओं से ग्रेटर नोएडा की दिल्ली, मेरठ और आसपास के प्रमुख एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही शहर के विस्तार और नए निवेश क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- मोदी सरकार ने काशी को दी बड़ी सौगात! 43 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर और 6-लेन ग्रीनफील्ड हाईवे को मंजूरी, ट्रैफिक समस्या होगी खत्म

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा