1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. EPFO पोर्टल पर अपडेट कर लें अपनी फोटो, वरना अटक सकता है PF फंड का क्लेम; जानिए स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस

EPFO पोर्टल पर अपडेट कर लें अपनी फोटो, वरना अटक सकता है PF फंड का क्लेम; जानिए स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jul 20, 2026 05:17 pm IST,  Updated : Jul 20, 2026 05:17 pm IST

EPFO ने पोर्टल पर प्रोफाइल फोटो अपडेट करना अनिवार्य कर दिया है। यदि आपने समय रहते अपनी फोटो अपलोड नहीं की, तो भविष्य में पीएफ निकासी का क्लेम और ई-नॉमिनेशन जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

EPFO पोर्टल पर प्रोफाइल...- India TV Hindi
EPFO पोर्टल पर प्रोफाइल फोटो अपडेट करने का प्रोसेस Image Source : EPFO

अगर आप कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्य हैं और भविष्य में PF का पैसा निकालने या ई-नॉमिनेशन कराने की सोच रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। EPFO ने अब पोर्टल पर प्रोफाइल फोटो अपडेट करना अनिवार्य कर दिया है। यदि सदस्य ने अपनी फोटो अपलोड नहीं की है, तो PF निकासी का दावा और ई-नॉमिनेशन जैसी जरूरी सेवाएं बीच में ही अटक सकती हैं। संगठन का कहना है कि यह कदम डिजिटल सुरक्षा और सही पहचान सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

EPFO के अधिकारियों के मुताबिक, प्रोफाइल फोटो सदस्य की डिजिटल पहचान का अहम हिस्सा है। अगर पोर्टल पर फोटो मौजूद नहीं होगी, तो ई-नॉमिनेशन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाएगी। बिना ई-नॉमिनेशन के PF क्लेम के निपटारे में दिक्कत आ सकती है और कई मामलों में भुगतान में देरी भी हो सकती है। इसलिए सभी सदस्यों को समय रहते अपनी प्रोफाइल अपडेट करने की सलाह दी गई है।

सिर्फ फोटो ही नहीं, ये जानकारियां भी रखें अपडेट

EPFO ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल फोटो अपडेट करना पर्याप्त नहीं है। सदस्यों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जैसी जरूरी जानकारियां भी सही और अपडेट रखनी चाहिए। इससे PF ट्रांसफर, निकासी, पेंशन और अन्य ऑनलाइन सेवाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के मिल सकेगा।

EPFO पोर्टल पर ऐसे अपडेट करें अपनी फोटो

  1. सबसे पहले EPFO पोर्टल पर जाकर अपने 12 अंकों के UAN और पासवर्ड से लॉगिन करें।
  2. होम पेज खुलने के बाद 'View' टैब पर क्लिक करें और 'Profile' ऑप्शन चुनें।
  3. प्रोफाइल पेज पर बाईं ओर दिखाई देने वाले 'Change Photo' ऑप्शन पर क्लिक करें।
  4. अब अपने मोबाइल या कंप्यूटर से पासपोर्ट साइज डिजिटल फोटो चुनें।
  5. फोटो का प्रीव्यू देखने के बाद 'Upload Photograph' पर क्लिक करें और 'OK' दबाकर प्रक्रिया पूरी कर दें।

समय रहते करें अपडेट

EPFO की ऑनलाइन सेवाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के लेने के लिए सभी सदस्य अपनी प्रोफाइल समय-समय पर अपडेट करते रहें। खासतौर पर यदि आपने अभी तक प्रोफाइल फोटो अपलोड नहीं की है, तो इसे जल्द पूरा कर लें। इससे भविष्य में PF क्लेम, ई-नॉमिनेशन और अन्य सेवाओं में अनावश्यक देरी से बचा जा सकेगा।

यह भी पढ़ें- हफ्ते भर बाद फिर शुरू हुई EPFO की वेबसाइट! अब PF खाताधारकों को होगी ज्यादा आसानी, जानिए क्या बदला?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा