1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. स्पेस सेक्टर के स्टार्टअप के लिए ₹1,000 करोड़ के वेंचर कैपिटल फंड को मंजूरी, जानें डिटेल

स्पेस सेक्टर के स्टार्टअप के लिए ₹1,000 करोड़ के वेंचर कैपिटल फंड को मंजूरी, जानें डिटेल

 Published : Oct 24, 2024 08:44 pm IST,  Updated : Oct 24, 2024 08:44 pm IST

अंतरिक्ष क्षेत्र के स्टार्टअप के लिए उद्यम पूंजी कोष की घोषणा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट में की थी। सरकार ने कहा कि इससे अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में प्रगति को बढ़ावा मिलेगा और निजी क्षेत्र की भागीदारी के माध्यम से भारत के नेतृत्व को मजबूती मिलेगी।

पहले चरण में पांच से 10 करोड़ रुपये और उसके बाद 10-60 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।- India TV Hindi
पहले चरण में पांच से 10 करोड़ रुपये और उसके बाद 10-60 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। Image Source : FILE

देश में स्पेस सेक्टर स्टार्टअप्स के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गुरुवार को अंतरिक्ष क्षेत्र (स्पेस सेक्टर) की स्टार्टअप इकाइयों की मदद के लिए 1,000 करोड़ रुपये के वेंचर कैपिटल फंड (उद्यम पूंजी कोष) की स्थापना को मंजूरी दे दी। इस पहल से निजी क्षेत्र से निवेश आकर्षित करने में मदद मिलेगी। इस बात की जानकारी केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को दी। पीटीआई की खबर के मुताबिक, यह फंड भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र (आईएन-स्पेस) के तत्वावधान में काम करेगा। यह भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के साथ मिलकर संचालित होगा।

30-35 अंतरिक्ष स्टार्टअप में निवेश होगा

खबर के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में स्वीकृत इस कोष के तहत दो चरणों में 30-35 अंतरिक्ष स्टार्टअप इकाइयों में निवेश किया जाएगा। पहले चरण में पांच से 10 करोड़ रुपये और उसके बाद 10-60 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। अंतरिक्ष क्षेत्र के स्टार्टअप के लिए उद्यम पूंजी कोष की घोषणा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट में की थी। सरकार ने कहा कि इससे अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में प्रगति को बढ़ावा मिलेगा और निजी क्षेत्र की भागीदारी के माध्यम से भारत के नेतृत्व को मजबूती मिलेगी। इस पूंजी निवेश का व्यापक प्रभाव पड़ेगा और बाद के चरण में अतिरिक्त पूंजी जुटाने में मदद मिलेगी।

यह फंड महत्वपूर्ण प्रमोटर होगा

इस मुद्दे पर इंडियन स्पेस एसोसिएशन (आईएसपीए) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल ए के भट्ट (सेवानिवृत्त) ने कहा कि हमारा मानना ​​है कि यह फंड न केवल भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप ईकोसिस्टम के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण प्रमोटर होगा, बल्कि निवेशकों को इस क्षेत्र को एक निवेश के रूप में गंभीरता से देखने और भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप गाथा का हिस्सा बनने के लिए आगे आने के लिए प्रेरित भी करेगा।

अंतरिक्ष कंपनियों की अगली लहर के लिए मददगार होगा

पिक्सल के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अवैस अहमद ने कहा कि 1,000 करोड़ रुपये का उद्यम पूंजी कोष बिल्कुल वही है जिसकी भारत के स्पेस टेक्नोलॉजी ईकोसिस्टम को अभी जरूरत है। अहमद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि यह फंड अंतरिक्ष कंपनियों की अगली लहर के लिए शुरुआत हो सकता है जो जलवायु निगरानी से लेकर उपग्रह संचार तक हर चीज से निपटेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा