Silver Price Outlook: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच इस साल 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध ने पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को हिलाकर रख दिया। पश्चिम एशिया में बिगड़े हालातों ने सिर्फ कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों को ही प्रभावित नहीं किया, बल्कि ये सोने और चांदी में भी मंदी लेकर आ गया। इस साल जनवरी में 121.65 डॉलर प्रति औंस के ऑल टाइम हाई पर जाने के बाद से चांदी की कीमतों में अभी तक 44.30 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है और ये अभी 67.70 डॉलर प्रति औंस के लेवल पर कारोबार कर रही है। ऐसी स्थिति में छोटे निवेशक काफी परेशान हैं, क्योंकि उन्हें ये समझ नहीं आ रहा कि अभी चांदी में निवेश करना चाहिए या नहीं?
अभी चांदी में निवेश करना चाहिए या नहीं
केडिया एडवायजरी के डायरेक्टर और जाने-माने कमोडिटी मार्केट एक्सपर्ट अजय केडिया ने बताया कि निवेशकों को अभी नई खरीदारी से बचना चाहिए। इतना ही नहीं, उन्होंने निवेशकों को ये भी सलाह दी है कि अगर हाल-फिलहाल में चांदी की कीमतों में तेजी आती है तो उसे बेचकर निकल जाना चाहिए। अजय केडिया ने चांदी की कीमतों को लेकर किए गए एक रिसर्च के आधार पर बताया कि अगले 3 महीने चांदी के लिए मंदी और सतर्क रहने वाले हैं। लिहाजा, निवेशकों को अभी चांदी खरीदने के लिए जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।
170 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती हैं चांदी की कीमतें
अजय केडिया ने बताया कि साल 2027 से लेकर साल 2029 तक का समय, चांदी के लिए एक सुनहरा दौर रहेगा। इस समय लॉन्ग टर्म के लिए किया जाने वाला निवेश मोटा मुनाफा देगा। ये चांदी में निवेश करने का सबसे अच्छा समय होगा। इस दौरान, चांदी की कीमतें 120 डॉलर से 170 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती हैं।
चांदी के लिए 62.55 डॉलर महत्वपूर्ण सपोर्ट लेवल
एक्सपर्ट का कहना है कि अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने, सिल्वर ईटीएफ की भारी बिकवाली और ग्लोबल लेवल पर मैन्यूफैक्चरिंग में गिरावट आने की वजह से चांदी की कीमतें गिर रही हैं। चांदी के लिए निकट भविष्य में मौजूदा लेवल से ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंचना बहुत मुश्किल है। जब तक चांदी की वीकली क्लोजिंग 78 डॉलर के पार नहीं पहुंचती, बाजार में सुधार की गुंजाइश काफी कम है। इतना ही नहीं, अगर चांदी का भाव 62.55 डॉलर के महत्वपूर्ण सपोर्ट लेवल से भी नीचे गिरता है तो इसमें और भी ज्यादा भारी गिरावट आ सकती है।
अगले 3 महीनों में 48.60 डॉलर के लेवल पर भी पहुंच सकती है चांदी
केडिया एडवायजरी के डायरेक्टर अजय केडिया की रिसर्च रिपोर्ट कहती है कि 62.55 डॉलर से नीचे आने के बाद चांदी की कीमतें 48.60 डॉलर के ऐतिहासिक सपोर्ट लेवल तक भी आ सकती हैं। यानी, अगले 3 महीने में चांदी का भाव गिरकर 48.60 डॉलर प्रति औंस पर भी पहुंच सकता है। अजय केडिया ने बताया कि 48.60 डॉलर का लेवल, वो लेवल है जहां चांदी में किया जाने वाला निवेश न सिर्फ सबसे सुरक्षित माना जाएगा, बल्कि ये इस लेवल पर सबसे सस्ता भी होगा।