नई दिल्ली। दुनिया की प्रमुख इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी कंपनी गूगल ने एक नया एप बोलो लॉन्च किया है। यह एप प्राथमिक कक्षा के बच्चों को अंग्रेजी और हिन्दी सीखने में मदद करेगा। गूगल ने कहा कि यह एप उसकी आवाज पहचानने की टेक्नोलॉजी तथा टेक्स्ट-टू-स्पीच टेक्नोलॉजी पर आधारित है। इसे सबसे पहले भारत में ही लॉन्च किया गया है।
Related Stories
गूगल ने बताया कि इसमें एक एनिमिटेड कैरेक्ट दिया है, जो बच्चों को कहानियां पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है और किसी भी शब्द का उच्चारण करने में दिक्कत आने पर बच्चों की मदद करता है। यह कहानी पूरा करने पर बच्चों का मनोबल भी बढ़ाता है।
गूगल इंडिया के प्रोडक्ट मैनेजर नितिन कश्यप ने कहा कि इस एप को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह ऑफलाइन भी काम कर सके। इसके लिए बस 50एमबी के इस एप को इंस्टॉल करना होगा। इसमें हिन्दी और अंग्रेजी की लगभग 100 कहानियां हैं।
यह एप गूगल प्ले स्टोर पर नि:शुल्क उपलब्ध है। यह एंड्रॉयड 4.4 किटकैट तथा इसके बाद के संस्करण वाले सारे डिवाइस को सपोर्ट करता है। कश्यप ने कहा कि गूगल ने इस एप का उत्तर प्रदेश के लगभग 200 गांवों में परीक्षण किया है। उन्होंने कहा कि परिणाम उत्साहजनक रहने के बाद इसे लॉन्च किया गया है। उन्होंने कहा कि एप में बंगाली जैसी अन्य भारतीय भाषाओं को भी शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।