1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. Hyundai Motor India IPO को पहले दिन 18% सब्सक्रिप्शन मिला, भारत में सबसे बड़ा आईपीओ होगा

Hyundai Motor India IPO को पहले दिन 18% सब्सक्रिप्शन मिला, भारत में सबसे बड़ा आईपीओ होगा

 Published : Oct 15, 2024 10:40 pm IST,  Updated : Oct 15, 2024 10:40 pm IST

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) ने सोमवार को एंकर निवेशकों से 8,315 करोड़ रुपये जुटाए थे। यह भारत में सबसे बड़ा आईपीओ होगा।

 एचएमआईएल का आईपीओ 17 अक्टूबर को बंद होगा। - India TV Hindi
एचएमआईएल का आईपीओ 17 अक्टूबर को बंद होगा। Image Source : REUTERS

साउथ कोरिया की ऑटोमोबाइल कंपनी हुंडई की भारतीय यूनिट हुंडई मोटर इंडिया का आईपीओ बोली के पहले दिन 18 प्रतिशत सब्सक्राइब हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के मुताबिक, 27,870 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत 1,77,89,457 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं, जबकि ऑफर 9,97,69,810 शेयर की है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, आईपीओ को पहले दिन नौ लाख से ज्यादा एप्लीकेशन मिले। खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) की कैटेगरी में 26 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों की कैटेगरी को 13 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला। योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) का कोटा पांच प्रतिशत भरा।

भारत में सबसे बड़ा आईपीओ

खबर के मुताबिक, हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) ने सोमवार को एंकर निवेशकों से 8,315 करोड़ रुपये जुटाए थे। यह भारत में सबसे बड़ा आईपीओ होगा। इससे पहले भारत में सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का 21,000 करोड़ रुपये का आईपीओ सबसे बड़ा था। कंपनी ने बताया कि एचएमआईएल का आईपीओ 17 अक्टूबर को बंद होगा। कंपनी ने कहा कि प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह प्रमोटर हुंडई मोटर कंपनी द्वारा 14,21,94,700 इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है।

दो दशक के बाद ऑटोमोबाइल कंपनी का आईपीओ

यह आईपीओ भारतीय उद्योग के लिए अहम है क्योंकि दो दशक के बाद कोई ऑटोमोबाइल कंपनी अपना आईपीओ ला रही है। इससे पहले जापान की वाहन विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी 2003 में आईपीओ लाई थी। मूल कंपनी हुंडई बिक्री पेशकश मार्ग के जरिये अपनी कुछ हिस्सेदारी बेच रही है। चूंकि यह सार्वजनिक निर्गम पूरी तरह से ओएफएस है, इसलिए एचएमआईएल को आईपीओ से कोई राशि नहीं मिलेगी।

ऊपरी मूल्य दायरे पर आईपीओ का आकार 27,870 करोड़ रुपये और कंपनी का बाजार मूल्यांकन निर्गम के बाद लगभग 1.6 लाख करोड़ रुपये आंका गया है। एचएमआईएल ने 1996 में भारत में परिचालन शुरू किया था और यह विभिन्न खंड में 13 मॉडल बेच रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा