1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. Hyundai Motor India IPO को आखिर में कुल 2.37 गुना मिले सब्सक्राइबर्स, भारत का सबसे बड़ा आईपीओ

Hyundai Motor India IPO को आखिर में कुल 2.37 गुना मिले सब्सक्राइबर्स, भारत का सबसे बड़ा आईपीओ

 Published : Oct 17, 2024 07:44 pm IST,  Updated : Oct 17, 2024 07:44 pm IST

आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) पूरी तरह से प्रमोटर हुंडई मोटर कंपनी (HMC) द्वारा 14,21,94,700 इक्विटी शेयरों की बिक्री के लिए पेशकश (OFS) है, जिसमें कोई नया निर्गम घटक नहीं है।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन लगभग 1.6 लाख करोड़ रुपये (लगभग यूएसडी 19 बिलियन) है। - India TV Hindi
कंपनी का बाजार मूल्यांकन लगभग 1.6 लाख करोड़ रुपये (लगभग यूएसडी 19 बिलियन) है। Image Source : FILE

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को गुरुवार को आखिरी दिन 2. 37 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। बोली के तीसरे दिन संस्थागत खरीदारों की मदद से इस ऑफर में इतना समर्थन मिल सका। यह देश का सबसे बड़ा आईपीओ है, जिसने एलआईसी की 21,000 करोड़ रुपये की आरंभिक शेयर बिक्री को पीछे छोड़ दिया है। एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक, 27,870 करोड़ रुपये की आरंभिक शेयर बिक्री में 9,97,69,810 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 23,63,26,937 शेयरों के लिए बोलियां हासिल हुईं।

किसने कितने किए सब्सक्राइब

खबर के मुताबिक, आईपीओ के तहत मांग का नेतृत्व योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) ने किया, जिन्होंने उनके लिए निर्धारित शेयरों की 6. 97 गुना बोली लगाई। गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए निर्धारित हिस्से को 60 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला और खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) को 50 प्रतिशत सब्सक्राइबर्स मिला। जापानी कार निर्माता मारुति सुजुकी की 2003 में लिस्टिंग के बाद, दो दशकों से अधिक समय में किसी ऑटोमेकर द्वारा यह पहली आरंभिक शेयर बिक्री है।

आईपीओ का प्राइस बैंड 1,865-1,960 रुपये प्रति शेयर

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने सोमवार को एंकर निवेशकों से 8,315 करोड़ रुपये जुटाए। आईपीओ का प्राइस बैंड 1,865-1,960 रुपये प्रति शेयर है। आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) पूरी तरह से प्रमोटर हुंडई मोटर कंपनी (HMC) द्वारा 14,21,94,700 इक्विटी शेयरों की बिक्री के लिए पेशकश (OFS) है, जिसमें कोई नया निर्गम घटक नहीं है। चूंकि सार्वजनिक निर्गम पूरी तरह से OFS है, इसलिए मारुति सुजुकी के बाद भारत में दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड को IPO से कोई आय प्राप्त नहीं होगी।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन

HMIL ने कहा कि उसे उम्मीद है कि इक्विटी शेयरों की लिस्टिंग से इसकी दृश्यता और ब्रांड छवि बढ़ेगी, और शेयरों के लिए तरलता और सार्वजनिक बाजार उपलब्ध होगा। मूल्य बैंड के ऊपरी छोर पर, आईपीओ का आकार 27,870 करोड़ रुपये (यूएसडी 3.3 बिलियन) आंका गया है, और कंपनी का बाजार मूल्यांकन लगभग 1.6 लाख करोड़ रुपये (लगभग यूएसडी 19 बिलियन) है। एचएमआईएल ने 1996 में भारत में परिचालन शुरू किया और वर्तमान में, विभिन्न खंडों में 13 मॉडल बेचती है।

कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी लिमिटेड, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, एचएसबीसी सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, जे पी मॉर्गन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और मॉर्गन स्टेनली इंडिया कंपनी प्राइवेट लिमिटेड इस ऑफर के बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा