1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. OpenAI ने IPO के लिए SEC के पास दाखिल किए दस्तावेज, अमेरिकी बाजार में लगने वाली है मेगा आईपीओ की झड़ी

OpenAI ने IPO के लिए SEC के पास दाखिल किए दस्तावेज, अमेरिकी बाजार में लगने वाली है मेगा आईपीओ की झड़ी

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 09, 2026 06:58 pm IST,  Updated : Jun 09, 2026 06:58 pm IST

ओपनएआई की प्रतिस्पर्धी कंपनी Anthropic ने भी जून की शुरुआत में आईपीओ लाने के लिए दस्तावेज दाखिल किए थे।

openai, openai ipo, ipo, chatgpt, SpaceX- India TV Hindi
OpenAI लाएगी आईपीओ Image Source : AFP

AI से जुड़ी दिग्गज अमेरिकी कंपनी OpenAI अपना आईपीओ लाने के लिए यूएस मार्केट रेगुलेटर SEC के पास प्रारंभिक गोपनीय दस्तावेज दाखिल कर दिए हैं। AI चैटबॉट ChatGPT बनाने वाली कंपनी का ये कदम ऐसे समय में आया है जब एआई से जुड़ी प्रमुख कंपनियां अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्ट होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। ओपनएआई ने सोमवार को एक बयान में कहा कि उसने अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (SEC) के पास गोपनीय प्रारंभिक कागजात दाखिल किए हैं। 

IPO की तारीख को लेकर अभी नहीं हुआ फैसला

हालांकि, कंपनी के आईपीओ की तारीख को लेकर कोई आखिरी फैसला नहीं लिया गया है। कंपनी ने कहा, "हमें लगता है कि ये जानकारी लीक हो जाएगी, लिहाजा हम खुद ही इसकी जानकारी दे रहे हैं। हालांकि, अभी हमने इसका समय तय नहीं किया है क्योंकि कुछ काम ऐसे हैं जिन्हें प्राइवेट कंपनी के रूप में करना कहीं आसान है। ये एक जटिल फैसला है, लेकिन इससे हमें ये विकल्प मिलता है कि अगर जरूरत पड़े तो हम जल्द पब्लिक हो सकें।" बताते चलें कि ओपनएआई की प्रतिस्पर्धी कंपनी Anthropic ने भी जून की शुरुआत में आईपीओ लाने के लिए दस्तावेज दाखिल किए थे।

इलॉन मस्क की कंपनी SpaceX भी आईपीओ लाने की तैयारी में

इसी तरह, इलॉन मस्क की स्पेस कंपनी SpaceX भी एआई-केंद्रित रणनीति के साथ संभावित आईपीओ की तैयारी में जुटी है। ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने पिछले साल आईपीओ को 'सबसे संभावित रास्ता' बताते हुए कहा था कि बड़े पैमाने पर एआई टेक्नोलॉजी डेवलप करने के लिए भारी पूंजी की जरूरत है। साल 2015 में एक गैर-लाभकारी संगठन के रूप में शुरू हुई ओपनएआई अब लगभग 852 अरब अमेरिकी डॉलर की वैल्यूएशन वाली कंपनी बन चुकी है। 

नुकसान के बावजूद एंथ्रोपिक जैसी प्रतिस्पर्धी कंपनियों से मुकाबला कर रही है ओपनएआई

ओपनएआई ने अभी तक अपनी कमाई या लाभप्रदता को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। कंपनी भारी कंप्यूटिंग लागतों के कारण नुकसान में चलने के बावजूद एंथ्रोपिक जैसी प्रतिस्पर्धी कंपनियों से मुकाबला कर रही है। ऑल्टमैन ने अलग से जारी एक बयान में कहा कि कंपनी का लक्ष्य एक स्वचालित एआई शोधकर्ता विकसित करना, आर्थिक वृद्धि को तेज करना और हर व्यक्ति के लिए पर्सनल आर्टिफिशनयल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) उपलब्ध कराना है। एजीआई की कई तरह के कामों में इंसानों से बेहतर या उनके बराबर क्षमता होगी और वो हर व्यक्ति के लिए व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा