1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. 1000 करोड़ रुपये का IPO लाएगी मसाले बनाने वाली ये कंपनी, सेबी के पास जमा किए डॉक्यूमेंट्स

1000 करोड़ रुपये का IPO लाएगी मसाले बनाने वाली ये कंपनी, सेबी के पास जमा किए डॉक्यूमेंट्स

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : May 27, 2026 11:40 am IST,  Updated : May 27, 2026 12:53 pm IST

पुष्प ब्रांड के प्रोमोटरों में महेंद्र कुमार सुराना और सुरेंद्र कुमार सुराना के नाम शामिल हैं, जो इस आईपीओ के जरिए अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे और फंड्स जुटाएंगे।

IPO, ipo news, upcoming ipo, upcoming ipo in september, iValue Infosolutions, Satvik Green Energy, J- India TV Hindi
1000 करोड़ रुपये तक का आईपीओ लाएगा पुष्प ब्रांड Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित मसाले बनाने वाली कंरनी पुष्प ब्रांड (इंडिया) जल्द आईपीओ लेकर आने वाली है। पुष्प ब्रांड (इंडिया) ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास आईपीओ के जरिए फंड्स जुटाने के लिए शुरुआती दस्तावेज दाखिल किए हैं। सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित आईपीओ का आकार 800 करोड़ रुपये से 1000 करोड़ रुपये के बीच रहने की संभावना है। मंगलवार को दाखिल आईपीओ दस्तावेजों (DRHP) के अनुसार, ये आईपीओ पूरी तरह से बिक्री पेशकश (OFS) पर आधारित होगा, जिसमें कंपनी के प्रोमोटर्स अपने हिस्से के 74.45 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री करेंगे। 

कंपनी के प्रोमोटर और मौजूदा निवेशक बेचेंगे अपनी हिस्सेदारी

पुष्प ब्रांड के प्रोमोटरों में महेंद्र कुमार सुराना और सुरेंद्र कुमार सुराना के नाम शामिल हैं, जो इस आईपीओ के जरिए अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे और फंड्स जुटाएंगे। इनके अलावा, निवेशक A91 Emerging Fund I LLP और Sixth Sense India Opportunities III भी अपने शेयरों की बिक्री करेंगे। A91 Emerging Fund I LLP ने साल 2020 में कंपनी में निवेश किया था। इसके पास कंपनी में 19.90 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि सिक्स्थ सेंस के पास कंपनी में 7.73 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसके साल 2023 में कंपनी में निवेश किया था। ये दोनों ही, ओएफएस के जरिए पुष्प ब्रांड के आईपीओ में अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचेंगे।

पैकेटबंद मसाले और खाद्य उत्पाद बनाती है कंपनी

बताते चलें कि पुष्प ब्रांड (इंडिया) लिमिटेड पैकेटबंद मसाले और खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनी है। कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में शुद्ध मसाले, मिक्स मसाले, साबुत मसाले, हींग, क्विक-फ्राई मिक्स, सोया प्रोडक्ट्स और चाय जैसी चीजें शामिल हैं। पैकेटबंद मसाला श्रेणी में कंपनी एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स, एमडीएच, ऑर्कला इंडिया और बादशाह मसाला जैसी स्थापित कंपनियों से प्रतिस्पर्धा करती है। 

बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होगी कंपनी

पुष्प ब्रांड का आईपीओ, एक मेनबोर्ड आईपीओ होगा और कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट किए जाएंगे। पुष्प ब्रांड (इंडिया) ने अपने इस आईपीओ के लिए आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज और सिस्टेमैटिक्स कॉरपोरेट सर्विसेज को बुक रनिंग लीड मैनेजर के रूप में नियुक्त किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा